विश्व

दुनिया भर में कोरोना का तांडव, संक्रमितों का आंकड़ा 15 करोड़ के पार, दूसरे दिन 15 हजार से ज्‍यादा की गई जान

Gulabi
30 April 2021 4:32 PM GMT
दुनिया भर में कोरोना का तांडव, संक्रमितों का आंकड़ा 15 करोड़ के पार, दूसरे दिन 15 हजार से ज्‍यादा की गई जान
x
दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 15 करोड़ के पार

दुनिया में कोरोना महामारी का कहर बढ़ता जा रहा है। इसी का नतीजा है कि बीते 24 घंटे में विश्व में नौ लाख से ज्यादा संक्रमित बढ़ गए। इससे कोरोना पीड़ि‍तों का वैश्विक आंकड़ा 15 करोड़ के पार पहुंच गया है। इस दौरान दुनिया में लगातार दूसरे दिन 15 हजार से अधिक मरीजों की मौत हो गई। वहीं पाकिस्तान के लाहौर शहर में शनिवार और रविवार को लाकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया है।

दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 15 करोड़ के पार
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, शुक्रवार सुबह संक्रमित लोगों का वैश्विक आंकड़ा 15 करोड़ एक लाख दो हजार 206 हो गया। एक दिन पहले तक यह संख्या 14 करोड़ 91 लाख 97 हजार 932 थी जबकि कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 31 लाख 61 हजार 637 हो गया है। गुरुवार तक यह संख्या 31 लाख 46 हजार 284 थी।
अमेरिका सबसे ज्‍यादा प्रभावित
विश्व में कोरोना महामारी से अमेरिका सबसे ज्यादा प्रभावित है। इस देश में अब तक कुल तीन करोड़ 30 लाख 40 हजार से ज्यादा मामले मिले हैं और करीब पांच लाख 90 हजार पीडि़तों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत और ब्राजील महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे हैं।
ब्राजील में 3,001 की मौत
ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में 3,001 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या चार लाख के पार हो गई है। जबकि इस दौरान देशभर में 69 हजार 389 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा एक करोड़ 45 लाख 90 हजार से अधिक हो गया है।
एक नजर इन देशों पर
जर्मनी : महामारी की तीसरी लहर की चपेट में आए देश में नए मामलों में अब कमी दिखने लगी है। गुरुवार को 24 हजार 736 नए संक्रमित पाए गए।
रूस : 24 घंटे में 8,731 नए मामले पाए जाने से संक्रमितों की संख्या 48 लाख के पार पहुंच गई है। कुल एक लाख दस हजार की मौत हुई है।
न्यूजीलैंड : देशभर में शुक्रवार को कोरोना का कोई नया मामला नहीं पाया गया। इस समय महज 23 एक्टिव केस हैं। कुल 2,257 मामले पाए गए हैं।
तुर्की में उतारे गए सुरक्षा बल
तुर्की में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए तीन हफ्ते के लिए सख्त लाकडाउन लगाया गया है। इसका पालन कराने के लिए सुरक्षा बलों को उतारा गया है। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को सड़कों पर मार्च किया और शहरों के प्रवेश मार्गो पर जांच चौकियां स्थापित कर दीं। देश में गुरुवार को 37 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए।
लाहौर में दो दिन का लॉकडाउन
पाकिस्तान के लाहौर शहर में शनिवार और रविवार को लाकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया है। शहर के आयुक्त ने संक्रमण की रोकथाम के प्रयास में यह एलान किया है। इधर, देश के योजना मंत्री असद उमर ने आगाह किया कि नए मामलों में बढ़ोतरी जारी रहने पर शहरों में लाकडाउन लगा दिया जाएगा। पाकिस्तान में बीते 24 घंटे में 131 पीडि़तों की मौत हो गई और पांच हजार 121 नए संक्रमित पाए गए।
Next Story