विश्व

फ्रांस में फिर हुआ चर्च पर हमला...बंदूकधारी ने पादरी को मारी गोली

Deepa Sahu
31 Oct 2020 5:52 PM GMT
फ्रांस में फिर हुआ चर्च पर हमला...बंदूकधारी ने पादरी को मारी गोली
x

फ्रांस में फिर हुआ चर्च पर हमला...बंदूकधारी ने पादरी को मारी गोली

फ्रांस में चर्च पर पिछले 72 घंटे में हमले की दूसरी वारदात सामने आई है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क : पेरिस: फ्रांस में चर्च पर पिछले 72 घंटे में हमले की दूसरी वारदात सामने आई है। शनिवार को लियोन शहर में शॉटगन से लैस एक बंदूकधारी ने ऑर्थोडॉक्स पादरी को गोली मार दी। हमले में घायल ग्रीस की नागरिकता वाले पादरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, नजदीक से गोली मारने के कारण पादरी को गंभीर चोट लगी है। हमलावर अब भी पुलिस की पकड़ से फरार बताया जा रहा है।

फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय ने दी जानकारी

फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय ने ट्वीट किया कि दक्षिण-पूर्वी शहर लियोन में यह घटना हुई है। सुरक्षा और आपातकालीन कर्मी घटनास्थल पर हैं। मंत्रालय ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से घटना वाजी जगह से दूर रहने की अपील की गई है। आंतरिक मंत्रालय ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि हमला आतंकवाद से संबंधित है या किसी आपसी रंजिश में अंजाम दिया गया है।


तीन दिन पहले नीस के चर्च पर हुआ था आतंकी हमला

तीन दिन पहले ही गुरुवार की सुबह 21 साल के ट्यूनिशयाई मूल के आतंकी ने नीस के चर्च पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में हमलावर को गोली मार दी थी। नीस के मेयर ने बताया कि जब हमलावर को गोली लगने के बाद प्राथमिक उपचार दिया जा रहा था तब उसने अल्लाहू अकबर चिल्लाया था।

फ्रांस में अलर्ट के स्तर को बढ़ाया गया

फ्रांस में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण शुक्रवार को दूसरे लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। लेकिन, सरकार ने सोमवार तक के लिए पूजा स्थलों को इससे छूट दी है। इसी कारण बड़ी संख्या में लोग रविवार को ऑल सेंट्स डे मनाने की तैयारियों में जुटे थे। लेकिन, इन हमलों के बाद अब पूरे फ्रांस में अलर्ट के स्तर को बढ़ा दिया गया है।

नीस के चर्च पर हमला करने वाले आतंकी का तीसरा साथी गिरफ्तार

नीस शहर के चर्च में चाकूबाजी करने वाले आतंकी के तीसरे सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फ्रांसीसी बीएफएम टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस संदिग्ध आतंकी को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया। पकड़ा गया 33 साल का यह शख्स पहले से गिरफ्तार एक अन्य आतंकी का रिश्तेदार है। पुलिस की छापेमारी के दौरान इसे अपने घर से पकड़ा गया।

Next Story