विश्व
सूडान में हैजा के मामलों में बढ़ोतरी, एक हफ्ते में 2,729 नए संक्रमण के मामले
jantaserishta.com
31 May 2025 5:34 PM IST

x
खार्तूम: सूडान में, खासतौर से राजधानी खार्तूम में हैजा के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस बीच, सूडानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने घोषणा की है कि उसे हैजा के टीके की 29 लाख से अधिक डोज़ प्राप्त हुई हैं। हैजा एक गंभीर बीमारी है, जो गंदे पानी या बासी खाने से फैलती है। इससे डायरिया और पानी की कमी हो सकती है। इलाज न होने पर यह जानलेवा भी हो सकता है।
शुक्रवार को एक बयान में सूडान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, "हैजा महामारी से निपटने के लिए कुल 29,05,400 वैक्सीन प्राप्त की गई हैं। यह वैक्सीन विशेष रूप से खार्तूम में फैल रहे हैजा संक्रमण को रोकने के लिए लाई गई है।" सरकार ने बताया कि यह वैक्सीन अंतर्राष्ट्रीय समन्वय समूह (आईसीजी) नाम की संस्था ने दान की हैं। इस काम में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने भी मदद की है।
बयान में कहा गया कि इन वैक्सीन को खार्तूम राज्य में भेजा जाएगा, जहां जल्द ही एक बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। एक साल या उससे ज्यादा उम्र के सभी लोगों को टीका लगाया जाएगा। मंत्रालय के अनुसार, स्वास्थ्य एजेंसियों और आईसीजी की साझेदारी के जरिए अक्टूबर 2023 से अब तक, सूडान को 1.69 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज़ मिल चुकी हैं।
इस हफ्ते की शुरुआत में, सूडान के स्वास्थ्य मंत्री हैथम मोहम्मद इब्राहिम ने बताया कि खार्तूम में हैजा से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ी है। मई महीने में ही खार्तूम में कम से कम 2,500 लोग हैजा से पीड़ित हुए हैं।
मंगलवार को मंत्रालय ने बताया कि एक हफ्ते में 2,729 नए संक्रमण के मामले सामने आए और 172 लोग इस बीमारी की वजह से अपनी जान गंवा बैठे। गैर-सरकारी चिकित्सा सहायता समूह डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के अनुसार, खार्तूम राज्य में बिजली और पानी की सेवाएं बार-बार बंद हो रही हैं। जब बिजली और साफ पानी नहीं मिलता है तो लोग गंदे पानी का इस्तेमाल करने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे हैजा जैसी महामारी फैलती है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





