
World वर्ल्ड: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 से 10 मई तक रूस की आधिकारिक यात्रा करेंगे, जिसमें वे द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी की हार की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोहों में हिस्सा लेंगे। क्रेमलिन ने रविवार को यह जानकारी दी। इस दौरान शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच रणनीतिक साझेदारी को लेकर अहम बातचीत होगी, और कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर भी होंगे।
रूस इस अवसर पर यूक्रेन युद्ध के बीच तीन दिन का संघर्षविराम चाहता है, हालांकि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने इसे 30 दिन तक बढ़ाने की शर्त रखी है। ज़ेलेंस्की ने यह भी कहा कि युद्ध की स्थिति में वे किसी विदेशी नेता की सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते।
रूस और चीन के संबंधों को लेकर पुतिन ने हाल ही में कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी "वास्तव में रणनीतिक और गहरी" है। इस यात्रा के दौरान ब्राजील, सर्बिया और स्लोवाकिया के नेता भी मास्को पहुंच सकते हैं।





