विश्व

चीन की "बिना गोली-बंदूक वाली जंग": दुनियाभर में फैल रहा है प्रचार और सेंसरशिप का जाल

SHIDDHANT
21 Aug 2025 10:20 PM IST
चीन की बिना गोली-बंदूक वाली जंग: दुनियाभर में फैल रहा है प्रचार और सेंसरशिप का जाल
x

chin चीन : एथेंस स्थित जियोपोलिटिको की एक रिपोर्ट ने खुलासा किया है कि चीन अब टैंक या मिसाइलों से नहीं, बल्कि कथाओं (नैरेटिव), सेंसरशिप और जानकारी की हेरफेर से "बिना गोली-बंदूक वाली जंग" लड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) ने अपने प्रचार तंत्र को वैश्विक हथियार में बदल दिया है, जो विदेशी मीडिया, विश्वविद्यालयों, तकनीक और संस्कृति तक को निशाना बना रहा है। पूर्व चीनी प्रोफेसर ली युआनहुआ, जो अब ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं, ने कहा कि CCP का यह "आदर्शवादी घुसपैठ अभियान" केवल चीन तक सीमित नहीं है बल्कि लोकतांत्रिक देशों की स्वतंत्र सूचना व्यवस्था को कमजोर करने और वैश्विक मानकों को पुनर्परिभाषित करने का प्रयास है।

रिपोर्ट में दावा किया गया कि CCP पश्चिमी देशों के पत्रकारों को प्रभावित करने के लिए विज्ञापनों, प्लांटेड आर्टिकल्स और व्यक्तिगत जानकारी का इस्तेमाल करती है। कई पत्रकारों को उन विषयों पर नैरेटिव गढ़ने के लिए दबाव डाला जाता है जिन्हें चीन में सेंसर किया जाता है। सोशल मीडिया पर भी CCP की सक्रियता देखी गई है। ट्विटर (अब X), फेसबुक और यूट्यूब पर राज्य समर्थित अकाउंट्स चीन की उपलब्धियों की तारीफ करते हैं और आलोचकों पर हमला बोलते हैं। 2019 में हांगकांग प्रदर्शन के दौरान चीन-सम्बंधित सैकड़ों अकाउंट्स प्रदर्शनकारियों को “विदेशी ताकतों का मोहरा” बता रहे थे। टिकटॉक (ByteDance) के एल्गोरिद्म पर भी पक्षपात के आरोप लगते रहे हैं। बीजिंग के मानवाधिकार हनन की आलोचना करने वाले वीडियो गायब हो जाते हैं, जबकि चीन समर्थक कंटेंट को बढ़ावा दिया जाता है।

कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट्स, जिन्हें चीनी भाषा और संस्कृति के केंद्र के रूप में प्रचारित किया जाता है, वास्तव में विश्वविद्यालयों पर दबाव डालते हैं कि वे तिब्बत, ताइवान, हांगकांग और तियानआनमेन नरसंहार जैसे मुद्दों पर चर्चा से बचें। इससे शैक्षणिक स्वतंत्रता प्रभावित होती है। हॉलीवुड भी चीन के दबाव में स्क्रिप्ट्स बदलता है। चीन-विरोधी सीन हटाए जाते हैं और विवादित विषयों को टाला जाता है क्योंकि चीनी बॉक्स ऑफिस वहां की फिल्मों के लिए बहुत बड़ा बाजार है। चीन भीतर से आलोचना को पूरी तरह दबा देता है। स्वतंत्र पत्रकार गायब हो जाते हैं, वेबसाइट्स हटाई जाती हैं और लोग सोशल मीडिया पर आलोचना करने पर जेल भेज दिए जाते हैं। “ग्रेट फ़ायरवॉल” विदेशी मीडिया को ब्लॉक कर देता है और सरकारी नैरेटिव को ही जनता तक पहुंचाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह रणनीति न केवल अंतरराष्ट्रीय धारणा को प्रभावित कर रही है, बल्कि लोकतांत्रिक समाजों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पारदर्शिता के लिए भी खतरा है।

Next Story