ट्रंप की टैरिफ नीति पर चीन की सख्त प्रतिक्रिया, US उत्पादों पर 84% शुल्क लगाया

Beijing बीजिंग: अमेरिका द्वारा चीनी वस्तुओं पर 104% तक आयात शुल्क लगाए जाने के बाद चीन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी उत्पादों पर 84% तक नया टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही बीजिंग ने रक्षा क्षेत्र से जुड़ी 18 अमेरिकी कंपनियों पर भी नई पाबंदियां लगाई हैं।
चीन के वित्त मंत्रालय ने कहा कि यह कदम अमेरिका द्वारा नियम-आधारित व्यापार व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की प्रतिक्रिया में उठाया गया है। चीन का कहना है कि व्यापार घाटा संरचनात्मक कारणों और वैश्विक श्रम विभाजन का परिणाम है, न कि किसी एक पक्ष की नीति का।
ट्रंप प्रशासन ने चीन को निशाना बनाकर अब तक सबसे कड़े व्यापार शुल्क लगाए हैं। चीन पहले ही 34% टैरिफ की घोषणा कर चुका था, जो गुरुवार से प्रभाव में आएगा।दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच यह टकराव वैश्विक व्यापार पर असर डाल सकता है, खासकर ऐसे समय में जब अन्य देशों के साथ भी अमेरिका व्यापार संतुलन को लेकर कड़े रुख में है।





