
CHIN चीन: रसद एवं क्रय संघ के मुताबिक, "14वीं पंचवर्षीय योजना" (2021-2025) के दौरान चीन ने आधुनिक रसद विकास में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं। चीन का रसद बाजार लगातार दस वर्षों से दुनिया में पहले स्थान पर बना हुआ है।चीन ने आधुनिक रसद प्रणाली के निर्माण में बड़ी प्रगति की है, जिसने राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के सुचारू संचालन और उच्च-गुणवत्ता वाले विकास को मजबूत समर्थन दिया है। इस अवधि में चीन के कुल सामाजिक रसद मात्रा में लगातार वृद्धि हुई। अनुमान है कि वर्ष 2025 तक कुल सामाजिक रसद मात्रा का मूल्य 3,800 खरब युआन तक पहुंचेगा। यह पिछले पांच वर्षों की तुलना में लगभग 800 खरब युआन की वृद्धि होगी।
रसद उद्योग का राजस्व भी निरंतर बढ़ा है। पिछले पांच वर्षों में इसमें लगभग 40 खरब युआन की वृद्धि हुई और 2025 तक यह 140 खरब युआन तक पहुंचने का अनुमान है। इससे स्पष्ट है कि चीन का रसद बाजार न केवल घरेलू स्तर पर बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अग्रणी स्थिति बनाए हुए है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चीन का रसद नेटवर्क तेजी से विस्तारित हुआ है। चीन-यूरोप एक्सप्रेस अब यूरोप के 229 शहरों और एशिया के 100 से ज्यादा शहरों से जुड़ चुका है। इसके अलावा, "एयर सिल्क रोड" 83 देशों के 213 शहरों को कवर करता है। वर्तमान में अंतर्राष्ट्रीय कार्गो बाजार में चीन की एयरलाइन कंपनियों का हिस्सा 44 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
समुद्री मार्गों के मामले में भी चीन अग्रणी है। चीन के पास दुनिया का सबसे बड़ा जहाजी बेड़ा है और उसने 100 से अधिक देशों और क्षेत्रों के साथ समुद्री मार्ग स्थापित किए हैं। समुद्री संपर्क में चीन कई वर्षों से प्रथम स्थान पर बना हुआ है। इन उपलब्धियों से यह स्पष्ट होता है कि चीन ने रसद क्षेत्र में तेज़ और व्यापक विस्तार किया है। इससे न केवल घरेलू व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत हुई है बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी चीन की पकड़ और गहरी हुई है।





