विश्व

नाइजारिया में कर्मचारियों के अपहरण से चीन हुआ चिंतित, नाइजारिया भेजेगा अपने सुरक्षा विशेषज्ञ

Khushboo Dhruw
8 Jan 2022 3:43 PM GMT
नाइजारिया में कर्मचारियों के अपहरण से चीन हुआ चिंतित,    नाइजारिया भेजेगा अपने सुरक्षा विशेषज्ञ
x
नाइजीरिया में अपने कर्मचारियों के अपहरण से चीन बेहद चिंतित है। उन्हें मुक्त कराने में स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए चीन अपने सुरक्षा विशेषज्ञ भेजेगा। बता दें

नाइजीरिया में अपने कर्मचारियों के अपहरण से चीन बेहद चिंतित है। उन्हें मुक्त कराने में स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए चीन अपने सुरक्षा विशेषज्ञ भेजेगा। बता दें कि मध्य नाइजीरिया की एक बांध परियोजना में कुछ बंदूकधारियों ने हमला कर दिया था और काम में लगे तीन चीनी कर्मचारियों का अपहरण कर लिया। हमले में दो नाइजीरियाई कर्मचारी मारे भी गए।

नाइजीरिया में चीन के राजदूत क्यूई जियानचुन ने इस घटना को लेकर चिंता जताई और कहा कि उनकी सरकार देश में बढ़ती हिंसा और चीनी कर्मचारियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को लेकर बेहद चिंतित है।
बताते चलें कि चीनी कर्मचारियों का अपहरण ऐसे समय में किया गया है जब चीन के विदेश मंत्री वांग यी अफ्रीकी देशों के दौरे पर हैं। उधर पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार की है। चीनी और नाइजीरियाई कर्मचारी ट्रांसमिशन टावर लगाने का कार्य कर रहे थे। तभी कुछ बंदूकधारियों ने हमला कर दिया जिसमें दो स्थानीय कर्मचारी मारे गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपहरणकर्ताओं के चंगुल से चार लोगों को मुक्त करा लिया गया था। इनमें कई घायल हो गए हैं। वायस आफ अमेरिका ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि हमलावर अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। पुलिस और खुफिया अधिकारी अपहृत चीनी कर्मचारियों को मुक्त कराने के प्रयास में लगे हैं। स्थानीय लोगों से सूचना जुटाई जा रही है।
चीन की कैंटीन में विस्फोट में मरने वालों की संख्या 16 हुई
वहीं, दूसरी ओर दक्षिण पश्चिम चीन के वुलोंग जिले में एक आफिस की कैंटीन में शुक्रवार को हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। विस्फोट से 10 घायल भी हुए हैं। एक घायल की हालत नाजुक है। हादसे के समय कैंटीन में लोग दोपहर का भोजन कर रहे थे।
शुक्रवार दोपहर में हुए विस्फोट का कारण गैस लीक माना जा रहा है। धमाके से चोंगकिंग नगरपालिका में स्थित भवन ध्वस्त हो गया और उसके भीतर मौजूद 26 लोग फंस गए। आधी रात तक मलबे से सभी शवों को निकाल लिया गया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्यो में 600 से ज्यादा लोगों ने सहयोग किया। आपदा प्रबंधन मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि चीन के केंद्रीय मंत्रिमंडल की वर्क सेफ्टी कमेटी ने प्रांतीय परिषद से संपर्क किया है। कमेटी कैंटीन भवन ध्वस्त होने की घटना की जांच करेगी। बचाव एवं जांच के प्रयासों का मार्गदर्शन करने के लिए मंत्रालय ने एक टीम भेज दी है।


Next Story