विश्व
चीन ने लगातार दूसरे दिन शक्ति प्रदर्शन करते हुए ताइवान की ओर 39 लड़ाकू विमान भेजे
Rounak Dey
3 Oct 2021 10:28 AM IST

x
पिछले सप्ताह भी पीएलए ने ताइवान की तरफ 24 लड़ाकू विमान भेजे थे।
सुपर पावर बनने की चाह रखने वाले चीन ने एक बार फिर से ताइवान की ओर लड़ाकू विमान भेज अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। चीन ने लगातार दूसरे दिन शनिवार को शक्ति प्रदर्शन करते हुए ताइवान की ओर 39 लड़ाकू विमान भेजे। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। यह चीन का दो दिन में दूसरा बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। इससे पहले भी चीन अपने लड़ाकू विमान भेज ताइवान को डराने की कोशिशें करता रहा है।
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि ताइवान के हवाई रक्षा क्षेत्र में सुबह और रात में दो बार में 39 विमानों ने प्रवेश किया। चीन ने इसी प्रकार शुक्रवार को भी स्व शासित द्वीप के दक्षिणी इलाके में 38 विमान भेजे थे। चीन ताइवान पर अपना दावा करता है। गृह युद्ध के बाद 1949 में हुए विभाजन के बाद 'कम्युनिस्ट' समर्थकों ने चीन पर कब्जा कर लिया था और उसके प्रतिद्वंद्वी 'नेशनलिस्ट' समर्थकों ने ताइवान में सरकार बनाई थी।
दरअसल, चीन ने शुक्रवार को अपने राष्ट्रीय दिवस पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए स्व-शासित ताइवान की ओर 38 लड़ाकू विमान भेजे। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने शुक्रवार को पहले 25 विमानों और फिर रात को 13 लड़ाकू विमानों को भेजा।
बयान के मुताबिक, जवाब में ताइवान ने हवाई गश्ती दलों को तैनात किया और अपने हवाई रक्षा तंत्र के जरिए चीनी विमानों का पता लगाया। चीन पिछले कई वर्षों से लगभग हर दिन ताइवान की ओर विमान भेज रहा है क्योंकि वह इस क्षेत्र पर अपना दावा जताता है। पिछले सप्ताह भी पीएलए ने ताइवान की तरफ 24 लड़ाकू विमान भेजे थे।
Next Story





