विश्व

चीन ने दस खरब डॉलर मुआवजे की मांग को खारिज की, कहा- जिम्मेदारी से बचने के लिए लोगों का ध्यान भटकाते रहे डोनाल्ड ट्रंप

Deepa Sahu
7 Jun 2021 10:08 PM IST
चीन ने दस खरब डॉलर मुआवजे की मांग को खारिज की, कहा- जिम्मेदारी से बचने के लिए लोगों का ध्यान भटकाते रहे डोनाल्ड ट्रंप
x
चीन ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस मांग को सोमवार को खारिज कर दिया।

चीन ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की उस मांग को सोमवार को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कोविड-19 के कारण हुई मौतों और बर्बादी के लिए अमेरिका (America) और दुनिया को हर्जाने के रूप में 10 ट्रिलियन डॉलर (10 खरब डॉलर) का भुगतान करने के लिए कहा था. चीन (China) ने कहा कि जवाबदेही उन राजनीतिज्ञों की है जिन्होंने लोगों के जीवन और स्वास्थ्य की अनदेखी की.

उत्तरी कैरोलाइना में शनिवार को रिपब्लिकन पार्टी के एक सम्मेलन में ट्रंप ने कहा था कि चीन को भारी मुआवजा देना चाहिए. ट्रंप कोविड-19 को 'चीन वायरस' और 'वुहान वायरस' बताते आए हैं. ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने बीजिंग में प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि ट्रंप के कार्यकाल के दौरान 24 मिलियन (2.4 करोड़) से अधिक कोविड-19 मामले थे और मरने वालों की संख्या 410,000 से अधिक थी.
राजनेताओं को ठहराया जाए जिम्मेदार
वांग ने कहा कि ट्रंप ने बार-बार तथ्यों की अनदेखी की और महामारी से निपटने में विफल रहने की अपनी जिम्मेदारियों से बचने और लोगों का ध्यान हटाने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि हम मानते हैं कि अमेरिकी लोगों को सही समझ है कि किसे जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. ये वे पाखंडी राजनीतिज्ञ हैं जिन्होंने लोगों के जीवन और स्वास्थ्य की अनदेखी की है और उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए.
ट्रंप चीन पर कई बार यह आरोप लगा चुके है कि चीन अपने देश में वायरस को नियंत्रित करने में विफल रहा और इसके बाद यह पूरी दुनिया में फैल गया. हालांकि चीन इन आरोपों को लगातार खारिज करता आया है. नॉर्थ कैरोलिना रिपब्लिकन कन्वेंशन में ट्रम्प ने कहा था कि हम नॉर्थ कैरोलिना को जीतने जा रहे हैं. हम यह सुनिश्चित करने के लिए आधार तैयार करने जा रहे हैं कि रिपब्लिकन एक बार फिर से नॉर्थ कैरोलिना जैसे महान राज्य को आगे बढ़ाएंगे. ऐसा 2024 में होगा, जिस साल को लेकर मैं बेहद उत्सुक हूं.
फेसबुक ने सस्पेंड किया अकाउंट
बता दें कि शुक्रवार को फेसबुक ने पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अकाउंट को कम से कम 2023 तक सस्पेंड कर दिया. बता दें कि 6 जनवरी 2021 को फेसबुक ने U.S. Capitol की घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप का अकाउंट सस्पेंड (Account Suspend) करने का फैसला किया था. फेसबुक द्वारा किसी मौजूदा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या राष्ट्राध्यक्ष को बैन करने का ये पहला मौका था.
Next Story