विश्व

माइक पोंपियो के ताइवान दौरे से भड़का चीन, मिसाइल निर्माण दोगुना करेगी ताइवानी सरकार

Deepa Sahu
3 March 2022 3:47 PM GMT
माइक पोंपियो के ताइवान दौरे से भड़का चीन, मिसाइल निर्माण दोगुना करेगी ताइवानी सरकार
x
अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री माइक पोंपियो के ताइवान दौरे से चीन भड़क गया है।

ताइपे, अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री माइक पोंपियो के ताइवान दौरे से चीन भड़क गया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पद पर रहते पोंपियो ने निंदनीय काम किया था। गत वर्ष ट्रंप प्रशासन का कार्यकाल खत्म होने पर जब पोंपियो पद से हटे तब चीन ने उन पर प्रतिबंध लगा दिया था। क्योंकि वह विदेश मंत्री रहते चीन की आलोचना करते थे।

पोंपियो को शीर्ष सम्मान
इधर, ताइवान की राष्ट्रपति त्साइ इंग-वेन ने द्वीपीय क्षेत्र के साथ संबंध प्रगाढ़ करने में योगदान देने के लिए पोंपियो को शीर्ष सम्मान प्रदान किया। इससे पहले अमेरिका के पूर्व रक्षा मंत्री डोनाल्ड रम्सफील्ड को ताइवान के शीर्ष सम्मान में से एक ग्रैंड कार्डन से सम्मानित किया था।
मिसाइल निर्माण दोगुना करेगा ताइवान
ताइवान अपने सालाना मिसाइल निर्माण क्षमता को दोगुना करने की योजना बना रहा है। इस वर्ष 500 मिसाइलों का उत्पादन करने का लक्ष्य रखा जा रहा है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। चीन से खतरे के मद्देनजर यह द्वीपीय क्षेत्र अपनी सैन्य क्षमता मजबूत करने में जुटा है।
मुलेन ने अमेरिकी मदद की प्रतिबद्धता दोहराई
इस बीच अमेरिका के ज्वाइंट चीफ्स आफ स्टाफ माइक मुलेन ने ताइवान की हरसंभव मदद की अमेरिकी प्रतिबद्धता भी दोहराई है। यूक्रेन पर रूसी हमले के बीच दो दिवसीय दौरे पर ताइवान पहुंचे मुलेन ने बुधवार को कहा था कि जलडमरूमध्य में शांति न केवल अमेरिका वरन पूरी दुनिया के हित में है।
यूक्रेन को मानवीय मदद करेगा ताइवान
ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन, उप राष्ट्रपति विलियम लाई व प्रधानमंत्री सु सेंग-चांग समेत कई दिग्‍गजों ने यूक्रेन में राहत कार्यों के लिए एक-एक महीने का वेतन दान करने की घोषणा की है। दरअसल यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद ताइवान को लग रहा है क‍ि चीन भी उसके खिलाफ रूस जैसा कदम उठा सकता है। गौरतलब है कि चीन ताइवान को अपना हिस्सा बताता है।


Next Story