चीन ने US रक्षा कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध, 50% अतिरिक्त टैरिफ के जवाब में की सख्त कार्रवाई

बीजिंग: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीनी आयात पर 50% अतिरिक्त शुल्क लगाने के बाद चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए 18 अमेरिकी रक्षा कंपनियों पर व्यापारिक प्रतिबंध लगा दिए हैं। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने 12 कंपनियों को निर्यात नियंत्रण सूची में और 6 कंपनियों को 'अविश्वसनीय इकाइयों' की सूची में डाला है।
इन प्रतिबंधों के तहत संबंधित कंपनियों पर दोहरे उपयोग की वस्तुओं के निर्यात पर रोक रहेगी, साथ ही चीन में निवेश और व्यापार भी प्रतिबंधित रहेगा। मंत्रालय ने कहा कि ये कंपनियां ताइवान के साथ सैन्य सहयोग और हथियार बिक्री के चलते चीन की संप्रभुता और सुरक्षा के लिए खतरा बनी हैं।
इनमें शामिल Shield AI और Sierra Nevada Corporation जैसी कंपनियां अमेरिकी रक्षा विभाग और NASA से जुड़ी हैं। हालांकि इन कंपनियों का चीन में व्यापार सीमित है, लेकिन आपूर्ति श्रृंखला पर इसका प्रभाव पड़ सकता है।
चीन ने इसके अलावा अमेरिकी वस्तुओं पर कुल 84% तक शुल्क लगाने की घोषणा की है, जो गुरुवार से प्रभावी होगा। यह कदम दोनों देशों के बीच जारी व्यापार युद्ध को और तेज कर सकता है।





