विश्व
चीन: बीजिंग में भारी बारिश से तबाही, 30 लोगों की मौत
jantaserishta.com
29 July 2025 2:07 PM IST

x
बीजिंग: चीन की राजधानी बीजिंग में हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मंगलवार को सरकारी मीडिया ने बताया कि इस भीषण बारिश में कम से कम 30 लोगों की जान चली गई है। बीजिंग के बाढ़ नियंत्रण मुख्यालय के अनुसार, सोमवार रात तक 28 मौतें मियुन के पहाड़ी इलाकों में हुईं, जबकि यानकिंग में 2 लोगों की मौत दर्ज की गई।
बीजिंग नगर बाढ़ नियंत्रण मुख्यालय ने बताया कि शहर भर में 80,332 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। मियुन जिले में सबसे अधिक 543.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो बीजिंग की औसत वार्षिक वर्षा के बराबर है।
इस भारी बारिश ने 31 सड़क मार्गों को क्षतिग्रस्त कर दिया और 136 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हाल के दिनों में उपोष्णकटिबंधीय उच्च दाब से आने वाली गर्म और नम हवा के कारण मियुन और बीजिंग के अन्य इलाकों में बहुत तेज और तूफानी मौसम देखा गया है। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, सोमवार रात 8 बजे बीजिंग शहर के बाढ़ नियंत्रण मुख्यालय ने पूरे शहर के लिए बाढ़ से निपटने की सबसे उच्च स्तर की आपातकालीन व्यवस्था शुरू की। अधिकारियों ने लोगों को तेज बहाव वाले नदी क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी है।
सुरक्षा कारणों से बीजिंग के पैलेस म्यूजियम और नेशनल म्यूजियम ऑफ चाइना को मंगलवार को बंद कर दिया गया। भारी बारिश और बाढ़ की आशंका के चलते सभी पहले से बुक किए गए टिकटों को रिफंड या पुनर्निर्धारित करने की घोषणा की गई।
चीन के राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने मंगलवार को बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया, जो चार-स्तरीय चेतावनी प्रणाली में दूसरा सबसे गंभीर स्तर है। यह चेतावनी बीजिंग, हेबेई, तियानजिन, आंतरिक मंगोलिया, हेइलोंगजियांग, जिलिन, लियाओनिंग, शेडोंग, जिआंग्सु, शंघाई, झेजियांग, फुजियान, गुआंग्डोंग, गुआंग्शी और ताइवान द्वीप सहित कई क्षेत्रों के लिए है। कुछ क्षेत्रों में 24 घंटे में 300 मिमी तक बारिश होने की संभावना है।
मौसम केंद्र ने स्थानीय प्रशासन को आपातकालीन उपाय करने और बाढ़, भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही मंगलवार और बुधवार को देश के कई हिस्सों में तूफान, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। बता दें कि चीन में चार-स्तरीय मौसम चेतावनी प्रणाली है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





