विश्व

चीन: भ्रष्टाचार मामले में पूर्व सरकारी अधिकारी को दी गई फांसी

Neha Dani
30 Jan 2021 2:11 AM GMT
चीन: भ्रष्टाचार मामले में पूर्व सरकारी अधिकारी को दी गई फांसी
x
चीन में सरकारी स्वामित्व वाली शीर्ष संपत्ति प्रबंधन कंपनी के पूर्व प्रमुख लाई जियोमिन को शुक्रवार को फांसी पर चढ़ा दिया गया।

चीन में सरकारी स्वामित्व वाली शीर्ष संपत्ति प्रबंधन कंपनी के पूर्व प्रमुख लाई जियोमिन को शुक्रवार को फांसी पर चढ़ा दिया गया। जियोमिन को एक स्थानीय अदालत ने 27.6 करोड़ डॉलर के भ्रष्टाचार में शामिल होने और दो विवाह करने के आरोप में मौत की सजा सुनाई थी।

तियानजिन की सेकंड म्यूनिसिपल इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि चाइना हुआरांग एसेट मैनेजमेंट कंपनी के पूर्व बोर्ड चेयरमैन जियोमिन ने 2008 से 2018 के बीच हुआरांग और चाइना बैंकिंग नियामक आयोग में अपने विभिन्न पदों का लाभ उठाते हुए विभिन्न संगठनों व लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाया। यह लाभ कर्ज उपलब्ध कराने, प्रोजेक्टों के अनुबंध दिलाने, बिजनेस ऑपरेशनों और नौकरी में प्रोन्नति या ट्रांसफर दिलाने जैसे कामों के तौर पर दिया गया।
अदालत ने आगे कहा था कि जियोमिन को बदले में 27.6 करोड़ डॉलर से ज्यादा का पैसा और तोहफे मिले थे। अपने पदों का लाभ उठाने के दौरान जियोमिन ने अन्य लोगों की मदद से 2.51 करोड़ युआन के सार्वजनिक धन का गबन किया। वह दो विवाह करने का भी दोषी पाया गया है। वह हल्की सजा का हकदार नहीं है।
चीनी राष्ट्रपति ने दिए थे सख्ती के संकेत
पिछले सप्ताह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती बरतने के संकेत दिए थे। जिनपिंग ने कहा कि भ्रष्टाचार अब भी सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी चाइना (सीपीसी) के लिए सबसे बड़ा खतरा बना हुआ है।
जिनपिंग सीपीसी की शक्तिशाली भ्रष्टाचार निरोधी विंग केंद्रीय अनुशासन जांच आयोग (सीसीडीआई) के कार्यक्रम में यह बात कही थी। उन्होंने उसी समय इसके खिलाफ सख्ती बरतने की बात कही थी।

Next Story