Chennai:चेन्नई से वियतनाम के लिए सीधी उड़ान सेवा जल्द शुरू होगी

Chennai चेन्नई: चेन्नई हवाईअड्डे से वियतनाम के लिए सीधी उड़ान सेवा जल्द शुरू की जाएगी। यह जानकारी नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों ने दी है। वर्तमान में चेन्नई से वियतनाम जाने के लिए यात्रियों को बैंकॉक से होकर यात्रा करनी पड़ती है, लेकिन नई सेवा से यह प्रक्रिया सरल हो जाएगी। वियतनाम दक्षिण-पूर्व एशिया का एक प्रमुख पर्यटन स्थल बनता जा रहा है और 2024 में वहां अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या 1.75 करोड़ तक पहुंच गई, जिनमें भारत एक बड़ा स्रोत देश है।
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने इस दिशा में अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों से सीधी उड़ानों के लिए आग्रह किया है। मार्च के अंतिम सप्ताह में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान, एएआई ने प्रमुख एयरलाइनों से चेन्नई को ‘पॉइंट ऑफ कॉल’ के रूप में चुनने की सिफारिश की। जापान, ऑस्ट्रेलिया और कंबोडिया के लिए भी सीधी उड़ानों की योजना बनाई जा रही है और कई एयरलाइनों ने इसमें रुचि दिखाई है।





