विश्व
सेंटकॉम का दावा, 'ओमान की खाड़ी से गुजर रहे कमर्शियल शिप को किया तबाह'
jantaserishta.com
28 Nov 2026 8:27 AM IST

x
वाशिंगटन: अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक कमर्शियल जहाज को निष्क्रिय करने का दावा किया है। उनके मुताबिक, बार-बार चेतावनी देने के बावजूद, इस जहाज ने अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी तोड़ने का प्रयास किया था। वहीं, तेहरान ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को बंद रखने और इस प्रतिबंध को तोड़ने संकल्प दोहराया है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि यह घटना 26 नवंबर को हुई, जब पलाऊ के झंडे वाला बल्क कैरियर 'एम/वी पैसिफिक आर्चर' ईरान के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास से निकला और क्षेत्रीय जलक्षेत्र से गुजरने की कोशिश की।
सेंटकॉम ने एक बयान में कहा, "अमेरिकी सेना के एक विमान ने सटीक निशाना साधने वाले हथियार (प्रिसिजन म्यूनिशन) दागे, जो पलाऊ के झंडे वाले 'एम/वी पैसिफिक आर्चर' के पिछले हिस्से (स्टर्न) से टकराए। इसके चलते जहाज का प्रोपल्शन सिस्टम (आगे बढ़ाने वाला तंत्र) काम करना बंद कर गया, लेकिन जहाज पर मौजूद असैन्य चालक दल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।"
सैन्य कमान ने बताया कि अमेरिकी बलों की ओर से कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद, इस जहाज ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश की थी। बयान में कहा गया, "अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने 26 नवंबर को ओमान की खाड़ी में एक कमर्शियल जहाज को निष्क्रिय कर दिया। यह जहाज एक ईरानी बंदरगाह से निकला था और अमेरिकी बलों की कई चेतावनियों के बावजूद उसने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने का प्रयास किया था।"
इसमें आगे कहा गया कि अमेरिकी बल नाकेबंदी को सख्ती से लागू कर रहे हैं। इसके तहत, निर्देशों का पालन करने वाले 158 कमर्शियल जहाजों को दूसरे रास्ते पर भेज दिया गया, जबकि निर्देशों को मानने से इनकार करने वाले 6 जहाजों को निष्क्रिय कर दिया गया।
इसमें यह भी कहा गया, "ओमान की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास काम करने वाले सभी नाविकों से आग्रह है कि वे सेंटकॉम की ओर से जारी नाकेबंदी संबंधी चेतावनियों पर ध्यान दें।" यह घटनाक्रम वाशिंगटन और तेहरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है। ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार ने दावा किया है कि उनका देश होर्मुज को बंद रखेगा, साथ ही उन्होंने अमेरिकी प्रतिबंधों को तोड़ने का संकल्प भी जताया है।
इससे पहले, 21 नवंबर को सेंटकॉम ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया था कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकेबंदी को लगातार 130 दिन पूरे हो गए हैं। बयान में कहा गया, "ईरान के खिलाफ अमेरिका की नाकेबंदी के लगातार 130 दिन पूरे हो गए हैं। अमेरिकी सैनिक पूरे ध्यान, दृढ़ संकल्प और पेशेवर तरीके से इस नाकेबंदी को लागू कर रहे हैं। वे ईरान के 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' को अरबों डॉलर के कच्चे तेल का निर्यात करने से रोक रहे हैं।"
TagsCENTCOM
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





