
ओटावा: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने गुरुवार को अमेरिकी टैरिफ के खिलाफ सीमित जवाबी उपायों की घोषणा की। उन्होंने अमेरिका से आयातित उन वाहनों पर 25% टैरिफ लगाने का फैसला किया है जो यूएस-मेक्सिको-कनाडा (USMCA) व्यापार समझौते के अनुरूप नहीं हैं। हालांकि, यह टैरिफ ऑटो पार्ट्स पर लागू नहीं होगा और मैक्सिको से आने वाले वाहन सामग्री को प्रभावित नहीं करेगा।
कार्नी ने अमेरिका की नीतियों को "वैश्विक व्यापार के लिए एक त्रासदी" बताया और कहा कि अमेरिकी प्रशासन को अपनी नीति बदलने में लंबा समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि कनाडा के पहले से लागू टैरिफ यथावत रहेंगे।डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नए टैरिफ लागू किए जाने से वैश्विक बाजारों में अस्थिरता फैल गई है। उन्होंने सभी अमेरिकी आयातों पर 10% का न्यूनतम शुल्क लगाया है, जबकि कुछ देशों पर इससे भी अधिक शुल्क लगाया गया है।
कार्नी ने अमेरिका की संरक्षणवादी नीति की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिका का 80 वर्षों तक वैश्विक आर्थिक नेतृत्व करना और मुक्त व्यापार को बढ़ावा देना अब समाप्त हो गया है।





