विश्व

BREAKING: PAK आर्मी पर BLA ने किया अटैक, उड़ा दी पूरी फ्लीट

Shantanu Roy
5 Oct 2026 2:49 PM IST
BREAKING: PAK आर्मी पर BLA ने किया अटैक, उड़ा दी पूरी फ्लीट
x
बड़ी खबर
Balochistan. बलोचिस्तान। बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान के खिलाफ सितंबर महीने में किए गए अपने कथित सशस्त्र अभियानों का एक नया वीडियो जारी किया है। संगठन की ओर से जारी वीडियो में अलग-अलग इलाकों में किए गए हमलों और सैन्य गतिविधियों से जुड़े दृश्य दिखाए गए हैं। BLA ने दावा किया है कि सितंबर के दौरान उसने अलग-अलग हिस्सों में कुल 94 सशस्त्र ऑपरेशन किए। संगठन के मुताबिक, इन अभियानों में 105 पाकिस्तानी सुरक्षा कर्मी मारे गए, जबकि 52 अन्य घायल हुए। BLA ने अपने दावों में कहा है कि सितंबर में किए गए अभियानों में 63 IED विस्फोट शामिल थे। इसके अलावा संगठन ने 18 स्थानों पर हथियार कब्जे में लेने और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों से जुड़े बताए गए 46 वाहनों को नष्ट करने का दावा किया है। BLA के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने अलग-अलग इलाकों में 25 रेड और नाकेबंदी की कार्रवाई भी की।

संगठन ने यह भी दावा किया कि उसके अभियानों के दौरान पाकिस्तानी सेना से जुड़े बताए गए 37 खुफिया एजेंटों को ‘न्यूट्रलाइज’ किया गया। इसके अलावा 21 पाकिस्तानी कर्मियों और कथित खुफिया एजेंटों को पकड़े जाने की बात भी कही गई है। वहीं BLA ने यह भी स्वीकार किया कि सितंबर में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ चलाए गए सशस्त्र अभियानों के दौरान उसके 33 लड़ाके मारे गए। BLA के अनुसार, 14 से 23 सितंबर के बीच उसके 25 अलग-अलग ऑपरेशन हुए। संगठन ने इन अभियानों के लिए कई क्षेत्रों का जिक्र किया है, जिनमें पनजगुर, केच, खारान, खुजदार, मस्तुंग, वाशुक और नुश्की शामिल हैं। BLA का दावा है कि इस अवधि के दौरान पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों और उसके अनुसार राज्य समर्थित हथियारबंद समूहों के 18 सदस्य मारे गए।

संगठन ने सैन्य काफिलों, सुरक्षा चौकियों, निगरानी ढांचे, सप्लाई रूट और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाने का भी दावा किया है। BLA के मुताबिक, कुछ अभियानों में उसके लड़ाकों ने कुछ इलाकों और सरकारी सुविधाओं पर अस्थायी रूप से नियंत्रण भी हासिल किया। संगठन ने इन कार्रवाइयों को अपने अभियान का हिस्सा बताया है और जारी वीडियो के जरिए अपने दावों को सामने रखा है। BLA की ओर से यह वीडियो और आंकड़े ऐसे समय जारी किए गए हैं, जब बलोचिस्तान में सुरक्षा स्थिति को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। क्षेत्र में लंबे समय से अलगाववादी हिंसा जारी है और BLA पाकिस्तान सरकार तथा सुरक्षा बलों के खिलाफ सक्रिय प्रमुख हथियारबंद संगठनों में शामिल है।

हालांकि, BLA की ओर से सितंबर में किए गए इन हमलों, मौतों, घायलों और संपत्ति के नुकसान से जुड़े आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में संगठन की ओर से जारी संख्या और दावों को उसके अपने दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है। अमेरिका ने अगस्त 2025 में BLA को फॉरेन टेररिस्ट ऑर्गनाइजेशन घोषित किया था। अमेरिकी सरकार के अनुसार, BLA एक हथियारबंद अलगाववादी संगठन है, जिसने पाकिस्तान में सुरक्षा बलों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी निशाना बनाकर हमले किए हैं। नए वीडियो के जरिए BLA ने सितंबर में अपनी गतिविधियों का बड़ा विवरण सार्वजनिक करने का दावा किया है। हालांकि, इन दावों की वास्तविकता और नुकसान के सही आंकड़े स्वतंत्र सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
Next Story