विश्व
ब्राजील में बाढ़ और भूस्खलन, 3 घंटे के भीतर 18 लोगों की मौत
Rounak Dey
16 Feb 2022 12:42 PM IST

x
जिससे पेट्रोपोलिस और पड़ोसी शहरों नोवा फ्राइबर्गो और टेरेसोपोलिस सहित बड़े क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन हुआ था.
ब्राजील (Brazil) के रियो डी जिनेरियो (Rio de Janeiro) में भारी बारिश के बाद आए भूस्खलन और बाढ़ ने कम से कम 18 लोगों की जान ले ली. यहां पहाड़ी इलाके में पर्यटकों के लिए मशहूर स्थान पर तूफान लगातार तबाही मचा रहा है. इस बात की जानकारी देश के अग्निशमन विभाग ने दी है. रियो द जेनेरो के अग्निशमन विभाग ने एक बयान जारी कर कहा, 'हाल के घंटों में भूस्खलन (Brazil Landslide) और बाढ़ से अभी तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है.'
मृतक संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि बचाव दल पेट्रोपोलिस क्षेत्र के प्रभावित इलाके में पीड़ितों की तलाश कर रहे हैं. इस क्षेत्र में 2011 में भारी बारिश के कारण सैकड़ों लोगों की मौत हो गई थी. रियो राज्य के दमकल विभाग ने एक बयान में बताया कि 180 सैन्यकर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं. विभाग ने बताया कि इलाके में दिन में तीन घंटे के भीतर 25.8 सेंटीमीटर बारिश हुई, जो इससे पहले के 30 दिन में हुई बारिश के बराबर है.
राष्ट्रपति ने मदद के निर्देश दिए
रूस की यात्रा पर गए ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो ने ट्वीट किया कि उन्होंने अपने मंत्रियों को बारिश के कारण प्रभावित हुए लोगों की तत्काल मदद करने के निर्देश दिए हैं. सिटी हॉल ने 'आपदा' घोषित कर दी है. बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए घरों और कारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. ऐतिहासिक शहर की सड़कें बाढ़ के पानी में डूब गई हैं. दुकानें बुरी तरह जलमग्न हो गई हैं. अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश हुई है और कई घंटों तक मध्यम बारिश जारी रहने की उम्मीद है.
पहले भी हुई थी 28 लोगों की मौत
इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई थी, ज्यादातर मौत साओ पाउलो राज्य और रियो के उत्तरी क्षेत्र में दर्ज की गई थीं. वहीं साल 2011 के जनवरी महीने में भारी बारिश के कारण रियो के पहाड़ी क्षेत्र में 900 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी. जिससे पेट्रोपोलिस और पड़ोसी शहरों नोवा फ्राइबर्गो और टेरेसोपोलिस सहित बड़े क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन हुआ था.
Next Story





