
x
Dhaka ढाका: बांग्लादेश में हालात सामान्य होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर ढाका एक बार फिर खून से लथपथ हो गया है। 'प्रथम आलो' की एक रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 7:45 बजे ढाका के मोगबाजार इलाके में बांग्लादेश मुक्तिजोद्धा संसद सेंट्रल कमांड के सामने न्यू एस्काटन में फ्लाईओवर से कुछ अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंका।
न्यू एस्काटन एजी चर्च के पास हुए बम धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहां मौजूद कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जांच के बाद ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सियाम (24) के रूप में हुई है। वह फ्लाईओवर के नीचे स्थित 'जावेद कार डेकोरेशन' नाम की दुकान में काम करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सियाम काम के ब्रेक के दौरान चाय पीने के लिए दुकान से बाहर निकला था। उसी समय ऊपर से बम फेंका गया और सीधे उसके सामने फट गया। युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। कुछ ही देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुक्तिजोद्धा संसद के ठीक सामने का बाजार इलाका क्रिसमस के मौके पर भीड़भाड़ वाला था। धमाका उसी भीड़ के बीच हुआ। धमाके की तेज आवाज से इलाके में पल भर में ही दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को पास के अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों को पकड़ने के लिए कई जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बांग्लादेश में ईशनिंदा के झूठे आरोपों में एक अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को लेकर बांग्लादेश में पहले से ही तनाव का माहौल था। इस बीच, क्रिसमस की पूर्व संध्या पर राजधानी के बीचों-बीच हुए इस तरह के धमाके ने मोहम्मद यूनुस के बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story





