विश्व
ब्लैक सी हमला: भारतीय क्रू मेंबर्स सुरक्षित, दूतावास बना हुआ है संपर्क में
Tara Tandi
6 Oct 2026 1:02 PM IST

x
बुखारेस्ट: रोमानिया में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि MV रॉयड मम्माडोव (MV Royad Mammadov) के क्रू में शामिल तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। यह एक कमर्शियल जहाज़ है जिस पर सोमवार को काला सागर (Black Sea) में हमला हुआ था।
दूतावास ने X पर कहा, "तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। हमने उनसे बात की है। उनमें से एक घायल है और उसका इलाज चल रहा है। हम अस्पताल के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। हम भारतीय क्रू सदस्यों की भलाई और सुरक्षा के लिए हर संभव मदद दे रहे हैं।"
दूतावास ने बताया कि राजदूत मनोज महापात्रा ने कॉन्स्टैंटा काउंटी अस्पताल में इलाज करा रहे तीनों भारतीय नागरिकों से बात की और पुष्टि की कि वे ठीक हैं।
दूतावास ने कहा, "राजदूत मनोज महापात्रा ने कॉन्स्टैंटा काउंटी अस्पताल में इलाज करा रहे तीनों भारतीय नागरिकों से बात की। उन्होंने अस्पताल के मुख्य डॉक्टर से भी बात की, जिन्होंने पुष्टि की कि तीनों ठीक हैं और उन्हें ज़रूरी इलाज मिल रहा है। राजदूत ने उन्हें हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया।"
इससे पहले, दूतावास ने कहा था कि वह जहाज़ पर सवार भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
दूतावास ने X पर कहा, "हमें आज काला सागर में कमर्शियल जहाज़ MV रॉयड मम्माडोव पर हमले के बारे में पता चला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 2 लोगों (विदेशी नागरिक) की मौत हुई है, जबकि कुछ क्रू सदस्य घायल हुए हैं और रोमानिया में उनका इलाज चल रहा है। यह भी बताया गया है कि क्रू सदस्यों में तीन भारतीय नागरिक शामिल हैं। मिशन भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।"
अगस्त में, यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने फोन पर बातचीत के दौरान विदेश मंत्री (EAM) एस. जयशंकर को काला सागर की स्थिति के बारे में जानकारी दी थी और उस इलाके में नेविगेशन की आज़ादी बहाल करने के तरीकों पर चर्चा की थी।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब काला सागर एक बहुत ही अस्थिर आर्थिक और सैन्य 'चोक पॉइंट' (महत्वपूर्ण लेकिन संवेदनशील इलाका) बन गया है। रूस और यूक्रेन दोनों एक-दूसरे के कमर्शियल जहाज़ों, बंदरगाह के बुनियादी ढांचे और ऊर्जा पाइपलाइनों पर रोज़ाना ज़ोरदार हमले कर रहे हैं। X पर एक पोस्ट में सिबिहा ने कहा, "मेरी भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से फ़ोन पर बात हुई। मैंने उन्हें यूक्रेन के ख़िलाफ़ रूस की आक्रामकता और हमारे बंदरगाहों व समुद्री रास्तों पर बढ़ते हमलों के कारण ब्लैक सी में बनी मुश्किल स्थिति के बारे में जानकारी दी।"
उन्होंने कहा कि ब्लैक सी में जहाज़ों पर होने वाले हमलों से न सिर्फ़ यूक्रेन से होने वाले खाद्य पदार्थों के निर्यात पर असर पड़ता है, बल्कि इससे दुनिया भर के लाखों परिवारों के लिए भी सीधा ख़तरा पैदा होता है।
Next Story





