
x
टाइम्स स्क्वायर में चाकू से हमला
न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मशहूर टाइम्स स्क्वायर में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक 49 वर्षीय महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में बैंक ऑफ अमेरिका की 32 वर्षीय वाइस प्रेसिडेंट एरिन पियासेंटी की मौत हो गई, जबकि 68 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने घटना को शुरुआती जांच में अचानक और बिना उकसावे का हमला बताया है।
घटना सोमवार दोपहर वेस्ट 42वीं स्ट्रीट और सेवेंथ एवेन्यू के पास हुई। यह इलाका न्यूयॉर्क के सबसे व्यस्त पर्यटन स्थलों में शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान क्वींस निवासी 49 वर्षीय पामेला सिस्नेरोस के रूप में हुई। उसने एक शॉपिंग बैग से दो बड़े चाकू निकाले और सबसे पहले 68 वर्षीय व्यक्ति के पेट पर वार किया। वह व्यक्ति सबवे स्टेशन से बाहर निकलने के बाद अपनी पत्नी के साथ सड़क पार करने का इंतजार कर रहा था। कुछ ही सेकंड बाद महिला ने एरिन पियासेंटी पर भी हमला कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एरिन पियासेंटी को बचाया नहीं जा सका। दूसरे घायल व्यक्ति की हालत स्थिर बताई गई। एरिन बैंक ऑफ अमेरिका के बिजनेस सिलेक्शन एंड कॉन्फ्लिक्ट्स यूनिट में वाइस प्रेसिडेंट थीं। बैंक ने उनकी मौत पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें एक महत्वपूर्ण और मूल्यवान सहयोगी बताया। एरिन ने 2021 में फोर्डहम लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की थी।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने हमलावर महिला को घेर लिया और उसे चाकू नीचे रखने के लिए कई बार कहा। पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश के मुताबिक अधिकारियों ने महिला को रोकने के लिए टेजर का इस्तेमाल भी किया, लेकिन वह काबू में नहीं आई और चाकू लेकर अधिकारियों की तरफ बढ़ने लगी। इसके बाद दो पुलिस अधिकारियों ने गोली चलाई। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मामलों को लेकर पहले भी पुलिस से संपर्क का रिकॉर्ड था, हालांकि न्यूयॉर्क में उसका कोई गिरफ्तारी रिकॉर्ड नहीं था। अधिकारियों को अभी तक इस हमले के पीछे आतंकवाद से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला है। पूरे मामले की जांच जारी है। टाइम्स स्क्वायर जैसे बेहद व्यस्त और भारी पुलिस मौजूदगी वाले इलाके में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। घटना के बाद सेवेंथ एवेन्यू के एक हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और बड़ी संख्या में पुलिस तथा आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस का कहना है कि अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से हमलावर को आगे लोगों को नुकसान पहुंचाने से रोक दिया गया।
Next Story





