विश्व
बांग्लादेश: अवामी लीग नेता के घर में लगी आग, सामान जलकर खाक
jantaserishta.com
28 Nov 2026 10:47 AM IST

x
ढाका: बांग्लादेश के काशिमपुर में शनिवार तड़के गाजीपुर सिटी कॉरपोरेशन के पूर्व पार्षद और अवामी लीग के नेता सैजुद्दीन मोल्ला के घर में आग लग गई। आग घर के एक कमरे में लगी, जिससे बिस्तर और गद्दों समेत घर का सामान जलकर खाक हो गया।
न्यूज एजेंसी यूएनबी के मुताबिक सूचना मिलने पर, डीबीएल मिनी फायर सर्विस स्टेशन की एक टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया।
फायर सर्विस स्टेशन के वेयरहाउस इंस्पेक्टर आरिफुल हक ने बताया कि शुरुआती जांच में कहीं भी इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट के कोई सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि घर के उत्तरी हिस्से में, ग्राउंड फ्लोर पर एक खिड़की टूटी हुई मिली।
परिवार के सदस्यों को शक है कि खिड़की तोड़कर जानबूझकर आग लगाई गई। अवामी लीग नेता या कार्यकर्ता के आवास पर तोड़फोड़, लूटपाट या आगजनी की ये कोई पहली घटना नहीं है। नवंबर माह में ऐसा कई बार हुआ। 25 नवंबर को ही बीडीन्यूज24डॉटकॉम ने बताया था कि, नयापारा गांव में अब्दुस समद के घर पर हमला किया गया, उसमें तोड़फोड़ की गई, लूटपाट हुई और उसे आग के हवाले कर दिया गया। यह घटना तड़के करीब 3:15 बजे हुई। अब्दुस समद पुठिया उपजिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष और अवामी लीग की राजशाही जिला इकाई (जिसकी गतिविधियों पर प्रतिबंध है) के आयोजन सचिव हैं। पुलिस ने बताया कि समद तोड़फोड़ के आरोपों में ढाका केंद्रीय जेल में बंद हैं। उनके परिवार का कहना है कि हमलावरों ने हथियारों के दम पर उन्हें धमकाया, घर से नकदी और सोने के गहने लूट लिए और फिर घर में आग लगा दी।
ऐसा ही कुछ नरेल में 20 नवंबर को हुआ। कालिया उपजिला के बेंदारचर गांव में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं से जुड़े दर्जनों घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई, लूटपाट हुई और उन्हें आग लगा दी गई। जिन संपत्तियों को निशाना बनाया गया, उनमें कालिया नगर पालिका के पूर्व मेयर फकीर मुशफिकुर रहमान लिटन का घर और पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति का पैतृक घर शामिल है। पुलिस ने बताया कि ये हमले 18 नवंबर को मोटरसाइकिल जुलूस के दौरान बीएनपी से जुड़े दो नेताओं की हत्या के बाद हुए थे। वहीं, स्थानीय बीएनपी नेताओं ने इन घटनाओं में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।
'प्रोथोम आलो' के अनुसार, 19-20 नवंबर को पटुआखाली में कलापारा नगर पालिका के पूर्व मेयर एसएम रकीबुल अहसान के घर पर ईंट-पत्थर फेंके गए। इसके अलावा, पूर्व सांसद लुत्फुन नेसा, अनवर-उल इस्लाम और मोहिब्बुर रहमान के घरों पर भी हमले किए गए। स्थानीय बीएनपी नेताओं ने इन घटनाओं में शामिल होने से इनकार किया है, और पुलिस ने बताया कि उस समय तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
इससे पहले शुक्रवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में अलग-अलग इलाकों में क्रूड बम धमाकों से अफरा-तफरी मच गई। राजधानी के चार अलग-अलग स्थानों पर हुए इन विस्फोटों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने एक घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार दोपहर से देर रात तक कलाबागान, वारी, काफरुल और धनमंडी पुलिस थाना क्षेत्रों में विस्फोट हुए। हातिरपुल इलाके में हुए धमाके के मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, वारी इलाके में शाम करीब 3:30 बजे आबेद अली हाई स्कूल के सामने पहला धमाका हुआ। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे हातिरपुल स्थित ईस्टर्न प्लाजा के सामने दो कच्चे बम फोड़े गए। इसी घटना के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
रात करीब 8:30 बजे मीरपुर-10 चौराहे के पास शाह अली प्लाजा के सामने एक और धमाका हुआ। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। इसके बाद रात करीब 10:35 बजे धनमंडी-27 स्थित रापा प्लाजा के सामने भी विस्फोट हुआ। इस घटना में भी कोई घायल नहीं हुआ।
काफरुल पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी आलमगीर हुसैन और अन्य संबंधित थाना अधिकारियों ने घटनाओं की पुष्टि की है। पुलिस इस कृत्य में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है।
बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों से क्रूड बमों के धमाकों और वाहनों में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। ढाका ट्रिब्यून की एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, 7 से 25 नवंबर के बीच देशभर में क्रूड बमों के 100 विस्फोट और 92 वाहनों में आगजनी की घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं के सिलसिले में पुलिस ने 46 मामले दर्ज किए और 80 लोगों को गिरफ्तार किया है।
TagsBangladesh
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





