विश्व

बलूचिस्तान भारी बारिश से बाढ़ की चपेट में, मशहूर हुए सिंगर वहाब बुगती का घर भी तबाह

Rounak Dey
22 Aug 2022 5:48 AM GMT
बलूचिस्तान भारी बारिश से बाढ़ की चपेट में, मशहूर हुए सिंगर वहाब बुगती का घर भी तबाह
x
बारिश की चेतावनी जारी करते हुए "मानसून आपातकाल" घोषित किया है।

पाकिस्तान का पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान भारी बारिश से बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ के कारण कई लोगों की जान चली गई और कई परिवार बेघर हो गए। इसी बीच सोशल मीडिया पर कोक स्टूडियो के गाने 'काना यारी' से मशहूर हुए सिंगर वहाब बुगती का घर भी बाढ़ में तबाह होने की खबर सामने आई है। इंटरनेट पर गायक की कई तस्वीरें वायरल है, जिसमें उनके बदहाल स्थिति को देखा जा सकता है। उनके प्रशंसक अब लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं।


बाढ़ में तबाह हुआ सिंगर का घर

रिपोर्ट्स की मानें तो कोक स्टूडियो के गाने 'काना यारी' से चर्चित सिंगर वहाब बुगती का बलूचिस्तान के नसीरबाद स्थित घर अचानक आई बाढ़ में तबाह हो गया है। बाढ़ में घर बह जाने से उनका परिवार बदहाली में रहने को विवश है।बलूचिस्तान में बाढ़ के कारण उनका मिट्टी का घर बह गया था, जिसके बाद से ही उनका परिवार काफी खराब स्थिति में रह रहा है।

हालात देख प्रशंसक हुए भावुक

वहाब बुगती और उनके परिवार की खराब स्थिति ने सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। ग्लोबल मोटिवेशनल स्पीकर मुनिबा मजारी ने भी गायक की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाई वहाब बुग्ती जिस दौर से गुजर रहे है, वह दिल तोड़ देने वाला है।

लोगों ने बढ़ाए मदद के हाथ

सोशल मीडिया पर गायक की बदहाली की तस्वीर वायरल होने के बाद कई लोगों ने मदद के हाथ बढ़ाए हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने वहाब बुगती के लिए पैसे जुटाने का आग्रह करते हुए ट्वीट किया, "वहाब बुगती, जो कोक स्टूडियो में "काना यारी" गाने के बाद मशहूर हुए, वह कई दिनों से अपने सिर पर बिना छत के रह रहे हैं। यह उनका जैज़कैश खाता है: 03002118309। यदि आप कर सकते हैं तो कृपया मदद करें।"


वहीं एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, 'अब्दुल वहाब बुगती के परिवार सहित ऐसे कई परिवार हैं, जो बलूचिस्तान में आए बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। हम अब्दुल वहाब की मदद कर सकते हैं।' कुछ यूजर्स ने वहाब बुगती और उनके परिवार की मदद करने के लिए अपने पोस्ट में कोक स्टूडियो को भी टैग किया है।

पाकिस्तान में बाढ़ की तबाही

गौरतलब है कि पिछले महीने भारी बारिश के चलते पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ में गांव के गांव तबाह हो गए। भारी बारिश और बाढ़ के कारण जहां 549 लोगों की मौत हुई, तो दूसरी तरफ कच्चे मकान मलबे में तब्दील हो गए। पाकिस्तान में जलवायु परिवर्तन के संघीय मंत्रालय ने आने वाले हफ्तों में यहां और बारिश की चेतावनी जारी करते हुए "मानसून आपातकाल" घोषित किया है।

Next Story