विश्व

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा चौकियों पर हमला, दागी गोलियां और रॉकेट

jantaserishta.com
14 Nov 2026 3:12 PM IST
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा चौकियों पर हमला, दागी गोलियां और रॉकेट
x
क्वेटा: बलूचिस्तान के नुश्की में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की चौकियों पर रॉकेट से हमला किया गया और गोलियां दागी गईं। यह घटना मस्तंग में एक सैन्य शिविर पर हुए आत्मघाती बम विस्फोट और सशस्त्र हमले के एक दिन बाद हुई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को नुश्की में फुटबॉल स्टेडियम के पास और अन्य जगहों पर सैन्य चौकियों को रॉकेट और अन्य हथियारों से निशाना बनाया गया। इस इलाके में भारी गोलीबारी और विस्फोट की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और घर लौट गए।
पुलिस ने बताया कि स्टेडियम के आसपास के इलाके में गोलीबारी हुई है, और सुरक्षा बलों की एक चौकी के पास भी गोलियां चलने की आवाजें सुनी गईं। 'द बलूचिस्तान पोस्ट' ने सूत्रों के हवाले से बताया कि गुरुवार देर रात क्वेटा के सरियाब इलाके में नए पुलिस स्टेशन के पास एक विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज शहर के कई हिस्सों में सुनी गई।
गुरुवार को मस्तंग में हुए हमले के बाद बलूचिस्तान में संवेदनशील जगहों और महत्वपूर्ण ठिकानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। मस्तंग में विस्फोटकों से भरा एक ट्रक मुख्य सैन्य शिविर से टकरा गया था, जिसमें कई लोग हताहत हुए थे।
इस हमले के बाद, बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने मस्तंग स्थित सैन्य शिविर पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली और दावा किया कि इसमें 18 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। मीडिया को दिए एक बयान में, बीएलए के प्रवक्ता जियांद बलूच ने दावा किया कि उनके समूह 'मजीद ब्रिगेड' ने मस्तंग के कनक इलाके स्थित सैन्य शिविर पर आत्मघाती हमला किया था। उनका लड़ाका वाहन लेकर शिविर में घुस गया था।
उन्होंने दावा किया कि विस्फोट से शिविर पूरी तरह तबाह हो गया, जिसके बाद बीएलए के लड़ाके परिसर में घुस गए और सैन्य कर्मियों पर हमला किया। प्रवक्ता के अनुसार, मृतकों की यह संख्या शुरुआती जानकारी पर आधारित है और इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि बाकी लड़ाके बिना किसी नुकसान के सुरक्षित वहां से निकल गए।
बीएलए के मीडिया विंग 'हक्कल' ने कुछ फुटेज जारी किए जिसमें परिसर को पहुंचे नुकसान को देखा जा सकता है। फुटेज में समूह के लड़ाके मौके पर तैनात होकर पास की सैन्य चौकियों की ओर गोलीबारी करते हुए नजर आ रहे हैं।
इस हफ्ते की शुरुआत में, बलूचिस्तान के मस्तंग और कलात जिलों में पाकिस्तानी बलों पर कई ड्रोन और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) हमले हुए, जिनमें कई लोग हताहत हुए और भारी नुकसान पहुंचा था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार को मस्तंग के खदकोचा इलाके में मुख्य सैन्य शिविर पर दो ड्रोन से हमले किए गए। बताया जा रहा है कि इन हमलों में पाकिस्तानी सैनिक हताहत हुए हैं और सैन्य शिविर को भी नुकसान पहुंचा है।
'द बलूचिस्तान पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, एक अन्य घटना में कलात के मरजान इलाके में आईईडी हमले के दौरान पाकिस्तानी बलों का एक वाहन नष्ट हो गया था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story