हमलावर ने खुद को गोली से उड़ाया, रेस्टोरेंट गोलीबारी पर बिग अपडेट

अमेरिका। इडाहो स्थित ट्विन फॉल्स में शनिवार को एक मशहूर फास्ट-फूड रेस्टोरेंट में हुई अंधाधुंध गोलीबारी हमलावर समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी. अब पुलिस ने जानकारी दी है कि संदिग्ध हमलावर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की. ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांचकर्ताओं को पूरा यकीन है कि हमलावर ने शनिवार को हुई इस घटना को अकेले ही अंजाम दिया था. हमलावर की पहचान चैड विलियम्स (24) के रूप में हुई है.
बता दें कि ये रेस्टोरेंट महज एक हफ्ता पहले (24 जुलाई) ही खुला था. इस हमले में सात लोग घायल हुए थे, जिनमें से दो को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. वहीं, तीन की हालत स्थिर बनी हुई है और दो की स्थिति अभी भी नाजुक है. पुलिस प्रमुख ने बताया कि घटना के दौरान एक ऑफ-ड्यूटी स्टेट ट्रूपर और एक सशस्त्र नागरिक ने जवाबी कार्रवाई की और हमलावर का मुकाबला किया. मैथ्यू हिक्स ने उनकी बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा, 'हम मानते हैं कि उनके साहसी कदमों ने हमलावर को मौके से पीछे हटने पर मजबूर किया, जिससे और ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सकी. हम उस ऑफ-ड्यूटी ऑफिसर और नागरिक के शुक्रगुजार हैं जिन्होंने इस घटना को रोकने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली.'
पुलिस ने ये भी बताया कि सोशल मीडिया पर किसी और व्यक्ति को हमलावर बताकर जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, उनका इस घटना से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है.
गोलीबारी में जान गंवाने वालों में एक रेस्टोरेंट स्टाफ भी शामिल है. पॉपुलर फास्ट-फूड चेन 'इन-एन-आउट' की मालकिन लिन्सी स्नाइडर ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इस हमले पर दुख जताया. उन्होंने कहा, 'मेरा दिल टूट चुका है, सीने में भारीपन है और आंखों में आंसू हैं. हमने आज रात अपने एक प्यारे सहयोगी को खो दिया है. इन-एन-आउट इस बेहद दर्दनाक समय में पीड़ित परिवारों के साथ शोक मना रहा है और उनके लिए प्रार्थना कर रहा है.' FBI ने रविवार को जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास इस हमले से जुड़ी कोई फोटो या वीडियो हो, तो वो जांच में मदद के लिए पुलिस के साथ शेयर करें.





