विश्व

यूक्रेन पर हमले तेज लेकिन चौतरफा घिर रहा रूस, जानिए इसके बारे में

Rounak Dey
13 Oct 2022 7:16 AM GMT
यूक्रेन पर हमले तेज लेकिन चौतरफा घिर रहा रूस, जानिए इसके बारे में
x
भारत, दक्षिण कोरिया और पाकिस्तान सहित अन्य 35 देशों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया और बाकी ने वोट नहीं किया।

न्यूयॉर्क : संयुक्त राष्ट्र महासभा ने बुधवार को एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें चार यूक्रेनी शहरों पर रूसी कब्जे की निंदा की गई थी। कुल 143 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया जबकि पांच ने इसके खिलाफ वोट किया। भारत सहित 35 से अधिक प्रस्ताव पर वोटिंग में शामिल नहीं हुए। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इसी तरह का एक प्रस्ताव पेश किया गया था जिस पर वोटिंग के दौरान रूस ने वीटो का इस्तेमाल किया था और भारत ने इसमें हिस्सा नहीं लिया था। रूस यूक्रेन युद्ध पर भारत तटस्थ नीति का पालन कर रहा है इसलिए उसने इस मुद्दे से जुड़े पिछले कई प्रस्तावों पर वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया है।

रूस के लिए यह यूएनजीए में दूसरा बड़ा झटका है। अल्बानिया की तरफ से पेश किए गए निंदा प्रस्ताव पर रूस ने गुप्त वोटिंग की मांग की थी लेकिन 107 देशों ने सार्वजनिक वोटिंग के पक्ष में मतदान किया था। खास बात यह थी कि रूस की गुप्त वोटिंग के प्रस्ताव के खिलाफ मतदान करने वाले देशों में भारत का भी नाम शामिल था। सिर्फ 13 देशों ने रूस की गुप्त वोटिंग की मांग का समर्थन किया। जबकि 39 देश इसमें अनुपस्थित रहे। लिहाजा महासभा ने सार्वजनिक वोटिंग के प्रस्ताव को स्वीकार किया।
'रूस दुनिया को डरा नहीं सकता'
रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पर वोटिंग में भारत ने हिस्सा नहीं लिया लेकिन संयुक्त राष्ट्र में रूस अब चौतरफा घिरता जा रहा है। वोटिंग के बाद यूएन में यूक्रेन के राजदूत ने पत्रकारों के सामने खुशी जाहिर की। वहीं यूएन में अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस ग्रीनफील्ड ने कहा कि नतीजे दिखाते हैं कि रूस दुनिया को डरा नहीं सकता। प्रस्ताव के खिलाफ वोट करने वालों में सीरिया, निकारागुआ, उत्तर कोरिया और बेलारूस शामिल थे। चीन, भारत, दक्षिण कोरिया और पाकिस्तान सहित अन्य 35 देशों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया और बाकी ने वोट नहीं किया।
Next Story