
फ्लोरिडा। फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी में गुरुवार को एक बंदूकधारी द्वारा की गई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 5 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है. यूनिवर्सिटी ने गुरुवार दोपहर कैम्पस में एक एक्टिव शूटर के होने का अलर्ट जारी किया और बताया कि पुलिस स्टूडेंट यूनियन के पास कार्रवाई कर रही है. इसके बाद एम्बुलेंस, फायर टेंडर्स और विभिन्न लॉ एंफोर्समेंट एजेंसियों के गश्ती वाहन यूनिवर्सिटी कैम्पस की ओर दौड़ पड़े.
फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी (FSU) में गोलीबारी करने वाले आरोपी की पहचान फीनिक्स इकनर के रूप में की गई है. यह 20 वर्षीय युवक लियोन काउंटी पुलिस के एक अधिकारी का बेटा है और लियोन काउंटी शेरिफ कार्यालय (LCSO) युवा सलाहकार परिषद का सदस्य है. पुलिस ने बताया कि इकनर ने शूटिंग के लिए अपनी मां की बंदूक का इस्तेमाल किया. पुलिस ने गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार तल्हासी में फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी कैम्पस में क्राइम सीन से बरामद किया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें गोलीबारी की पूरी जानकारी दी गई है. रॉयटर्स के अनुसार, उन्होंने कहा, 'यह एक भयानक घटना है. यह दुखद है कि इस तरह की घटनाएं होती हैं.' गोलीबारी की घटना के बाद कैम्पस में दहशत का माहौल था. सैकड़ों छात्र स्टूडेंट यूनियन से दूर चले गए. कुछ लोग भावुक दिख रहे थे, जबकि अन्य एक-दूसरे से गले मिले हुए थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने उस पल को याद किया जब अलार्म बजा. 20 वर्षीय जूनियर जोशुआ सिरमंस जब यूनिवर्सिटी की मेन लाइब्रेरी में थे, तब उन्होंने बताया कि अलार्म बजने लगे, जिससे चेतावनी मिली कि कोई एक्टिव शूटर है.





