विश्व

एक और जंग?, ताइवान पहुंचीं US स्पीकर, चीन की धमकी- दागेगा मिसाइल

HARRY
2 Aug 2022 4:26 PM GMT
एक और जंग?, ताइवान पहुंचीं US स्पीकर, चीन की धमकी- दागेगा मिसाइल
x

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी के ताइवान पहुंचते ही चीनी सेना ने लाइव-फायर अभ्यास की घोषणा कर दी। इसके अलावा चीनी पीएलए ने कहा है कि वह आज रात से ही ताइवान के आसपास मिसाइल अभ्यास शुरू कर देगी। चीनी सेना ताइवान के दक्षिण पश्चिम और दक्षिण पूर्व के हिस्से में संयुक्त समुद्री-हवाई अभ्यास करेगी। इसके अलावा चीनी सेना ने कहा है कि वह 4 अगस्त से 7 अगस्त तक ताइवान के आसपास लाइव-फायर अभ्यास करेगी। पेलोसी मंगलवार की रात ताइवान पहुंचीं। इसके साथ ही वह स्वशासित द्वीप का दौरा करने वाली अमेरिका की सर्वोच्च अधिकारी बन गई हैं। पेलोसी की यात्रा से चीन और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ गया है। पेलोसी के आज रात ताइवान में रुकने की खबर है। वे कल ताइवान से रवाना होंगी।

चीनी सेना पेलोसी के जाते ही ताइवान के बेहद करीब यह अभ्यास करने वाली है। उसने इसके लिए अन्य देशों को चेतावनी भी जारी की है। चीन के मुताबिक पीएलए गुरुवार और रविवार के बीच ताइवान के आसपास लाइव-फायर अभ्यास करेगी और इस दौरान समुंद्री जहाजों और विमानों को इन क्षेत्रों में जाने से बचने का अनुरोध किया गया है। इस ड्रिल को लेकर चीन के पिंगटन मैरीटाइम सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन ने पहले ही नेविगेशन वॉर्निंग जारी की थी।
लाइव फायर ड्रिल के दौरान चीन अपने युद्धपोतों से रॉकेट, मिसाइल, टारपीडो, हैवी मशीनगन की ताकत का प्रदर्शन करेगा। इसमें चीन के युद्धपोत, एयरक्राफ्ट कैरियर और पनडुब्बियों हिस्सा ले रही हैं। गौरतलब है कि चीन दावा करता रहा है कि ताइवान उसका हिस्सा है। वह विदेशी अधिकारियों के ताइवान दौरे का विरोध करता है क्योंकि उसे लगता है कि यह द्वीपीय क्षेत्र को संप्रभु के रूप में मान्यता देने के समान है। चीन ने धमकी दी थी कि यदि पेलोसी ताइवान की यात्रा करती हैं तो इसके ''गंभीर परिणाम'' होंगे।
अमेरिका को जवाब देने के लिए चीनी सेना ने एक के बाद कई घोषणाएं की हैं। ताइवान के पास लाइव-फायर अभ्यास के अलावा चीनी पीएलए की पूर्वी थिएटर कमान ने आज रात से ही ताइवान के आसपास संयुक्त सैन्य कार्रवाई की घोषणा की है। इसमें ताइवान के दक्षिण पश्चिम और दक्षिण पूर्व के हिस्से में संयुक्त समुद्री-हवाई अभ्यास, ताइवान जलडमरूमध्य पर लंबी दूरी की फायरिंग, ताइवान के पूर्व में समुंदर में पारंपरिक मिसाइल फायरिंग शामिल है।
पेलोसी की ताइवान यात्रा को "बेहद खतरनाक" बताते हुए, चीन ने घोषणा की कि वह मंगलवार रात ताइवान को घेरकर सैन्य अभ्यास करेगा। इस अभ्यास में ताइवान जलडमरूमध्य में लंबी दूरी की तोप फायरिंग और पारंपरिक मिसाइल टेस्ट फायरिंग शामिल होगी। पीएलए ईस्टर्न थिएटर कमांड ताइवान के आसपास संयुक्त सैन्य संचालन करेगी।
Next Story