विश्व

एक और पाक सेना प्रमुख संभावित समय से पहले सेवानिवृत्ति की ओर

Rani Sahu
26 Nov 2022 1:14 PM GMT
एक और पाक सेना प्रमुख संभावित समय से पहले सेवानिवृत्ति की ओर
x
रावलपिंडी, (आईएएनएस)| पूर्व खुफिया प्रमुख और बहावलपुर कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल फैज हामिद ने जल्दी सेवानिवृत्ति लेने का फैसला किया है। मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। लेफ्टिनेंट जनरल हामिद के रिटायरमेंट की खबर ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले पारिवारिक सूत्रों ने कहा था कि पाकिस्तानी सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल अजहर अब्बास ने भी समय से पहले रिटायरमेंट मांगा है।
जियो न्यूज ने बताया कि सेना प्रमुख के पद के लिए जनरल हेडक्वार्टर द्वारा नामित छह सैन्य अधिकारियों में से दो सैन्यकर्मियों को सूचीबद्ध किया गया था।
सीजीएस लेफ्टिनेंट जनरल अजहर अब्बास ने जल्दी सेवानिवृत्ति की मांग करते हुए विदाई देने का फैसला किया। उनके भाई ने शुक्रवार को जियो न्यूज से बातचीत में इसकी पुष्टि की।
उन्होंने कहा, "मैं पुष्टि करता हूं कि लेफ्टिनेंट जनरल अजहर अब्बास ने पाकिस्तानी सेना के एक सम्मानित अधिकारी के रूप में अपनी प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए समय से पहले सेवानिवृत्ति की मांग की है।"
परिवार के एक विश्वस्त सूत्र ने कहा, "अपने पेशेवर अंदाज, दूरदर्शिता और नेतृत्व के लिए जाने जाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल अजहर अब्बास ने जल्दी रिटायरमेंट लेने का फैसला किया है, जो उनके व्यक्तित्व के अनुरूप है।"
उल्लेखनीय है कि जब इमरान खान प्रधानमंत्री थे, उस समय लेफ्टिनेंट जनरल हामिद पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस के महानिदेशक थे।
Next Story