विश्व

पाबंदी हटाने की घोषणा! 12 साल से ऊपर के विदेशी यात्री अब उमराह करने के लिए जा सकेंगे सऊदी अरब

Gulabi
16 Dec 2021 3:59 PM GMT
पाबंदी हटाने की घोषणा! 12 साल से ऊपर के विदेशी यात्री अब उमराह करने के लिए जा सकेंगे सऊदी अरब
x
विदेशी यात्री अब उमराह करने के लिए जा सकेंगे सऊदी अरब
सऊदी अरब ने उमराह करने के लिए आने वाले विदेशी यात्रियों के लिए आयु सीमा पर से पाबंदी हटाने की घोषणा की है। लोकल मीडिया के अनुसार पहले 18 साल से नीचे और 50 वर्ष से अधिक उम्र के विदेशी लोगों को उमराह करने के लिए देश आने की इजाजत नहीं थी। नए नियमों के अनुसार अब 12 वर्ष से अधिक उम्र का कोई भी अंतरराष्ट्रीय यात्री उमराह करने के लिए सऊदी अरब आ सकता है।
दुनियाभर से हर साल लाखों मुसलमान उमराह करने के लिए सऊदी अरब आते हैं। कोरोना महामारी के कारण इनकी संख्या में काफी कमी आई है। संक्रमण के मामले कम होने के बाद सऊदी के अधिकारियों ने पाबंदियों में ढील दी है और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अपनी सीमाओं को खोलने का फैसला किया है। नए नियम के लागू होने के बाद से अधिक संख्या में विदेशी पर्यटकों को उमराह के लिए सऊदी अरब जाने की अनुमति मिलेगी। इससे विदेशी यात्रियों की संख्या भी बढ़ेगी।
सऊदी अरब में कोरोना पाबंदियों में ढील
कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट और सफल टीकाकरण अभियान के बाद, सऊदी सरकार ने पाबंदियों में ढील देने के लिए कदम उठाए हैं। इसमें मक्का-मदीना में दो मस्जिदों में इंट्री पर से रोक हटाना शामिल है । हालांकि, यहां आने वाले लोगों को फेस मास्क का इस्तेमाल करना होगा।
उमराह की इजाजत
19 नवंबर, 2021 को सऊदी सरकार ने घोषणा की थी कि वो 18 से 50 वर्ष की आयु के विदेशी यात्रियों को उमराह के लिए आवेदन करने की अनुमति देगी। यानी 18 साल से नीचे और 50 साल की आयु से ज्यादा के विदेशी यात्री को उमराह के लिए आने की इजाजत नहीं थी। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नई प्रवेश नीति लागू होने के बाद अब 12 साल के ऊपर लोग उमराह के लिए सऊदी अरब में आ सकेंगे। इसके अलावा यात्रा को लेकर अन्य शर्तों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। सऊदी अरब आने के इच्छुक विदेशियों के पास अभी भी सऊदी ई-वीसा के लिए आवेदन करने का विकल्प है।
Next Story