विश्व

कनाडा सीमा के पास से गिरफ्तार भारतीय महिला का आंशिक रूप से काटना पड़ सकता है हाथ

Subhi
23 Jan 2022 1:12 AM GMT
कनाडा सीमा के पास से गिरफ्तार भारतीय महिला का आंशिक रूप से काटना पड़ सकता है हाथ
x
अमेरिका में अवैध रूप से मौजूद और अमेरिका-कनाडा सीमा के पास से गिरफ्तार किए गए सात भारतीय नागरिकों में से दो संदिग्ध शीतदंश (फ्रॉस्टबाइट) के चलते गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

अमेरिका में अवैध रूप से मौजूद और अमेरिका-कनाडा सीमा के पास से गिरफ्तार किए गए सात भारतीय नागरिकों में से दो संदिग्ध शीतदंश (फ्रॉस्टबाइट) के चलते गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक महिला को अत्यधिक ठंड की चपेट में आने की वजह से हाथ के आंशिक विच्छेदन की जरूरत होगी। यह बात एक अदालती दस्तावेज में कही गई है।

अमेरिका के मिनेसोटा में जिला अदालत में गुरुवार को 47 वर्षीय अमेरिकी नागरिक स्टीव शैंड के खिलाफ एक आपराधिक शिकायत दर्ज की गई थी। स्टीव पर मानव तस्करी करने का आरोप लगाया गया है। बिना दस्तावेज वाले विदेशी नागरिकों के संदिग्ध तस्कर स्टीव शैंड को 19 जनवरी को अमेरिका-कनाडा सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तारी के समय वह दो भारतीय नागरिकों को ले जा रहा था जो अमेरिका में अवैध रूप से मौजूद थे। शिकायत में इन दो भारतीय नागरिकों की पहचान 'एसपी' और 'वाईपी' के रूप में की गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्टीव की गिरफ्तारी के समय ही अमेरिका में अवैध रूप से मौजूद पांच और भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।

एक पुरुष और एक महिला को ले जाना पड़ा था अस्पताल

सात भारतीय नागरिकों में से छह उत्तर डकोटा में पेंबिना सीमा पैट्रोल स्टेशन पर थे और एक ठंड से आई चोटों की वजह से अस्पताल में भर्ती था। शिकायत में इस बात का उल्लेख भी किया गया है कि इनमें से दो नागरिकों को गंभीर चोटें आई हैं। संदिग्ध शीतदंश को लेकर एक वयस्क पुरुष और एक वयस्क महिला नागरिक को अस्पताल ले जाया गया था।

पुरुष को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी लेकिन महिला को एक बड़े अस्पताल भेजना पड़ा जहां उसका एक हाथ आंशिक रूप से अलग करना पड़ सकता है। सीमा पैट्रोल द्वारा लाए जाते वक्त महिला ने कई बार सांस लेना बंद कर दिया था। इस इलाके में मौसम बहुत कठिन रहता है। तेज हवाएं, बर्फ और शून्य से नीचे तापमान से बहुत समस्या होती है।

कुछ दिन पहले चार भारतीयों की हुई थी भयंकर ठंड से मौत

कुछ दिन पहले ही इसी इलाके में अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक भारतीय परिवार की भयंकर ठंड के चलते मौत हो गई थी। मरने वालों में एक नवजात समेत कुल चार लोग शामिल थे। इस घटना की मानव तस्करी के बड़े गिरोह के दृष्टिकोण से जांच हो रही है और इसी में इन सात भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है।


Next Story