विश्व

ईरान पर हमले से भड़क सकता है बड़ा क्षेत्रीय युद्ध, आईडीएफ ने नेतन्याहू को दी चेतावनी : रिपोर्ट

jantaserishta.com
23 Nov 2026 8:53 AM IST
ईरान पर हमले से भड़क सकता है बड़ा क्षेत्रीय युद्ध, आईडीएफ ने नेतन्याहू को दी चेतावनी : रिपोर्ट
x
यरूशलम: इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने 'प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ईरान पर हमले की स्थिति में सामने आने वाले नतीजे से रूबरू कराया है। चेतावनी दी है कि ईरान पर हमले से एक व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष छिड़ सकता है।
'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की एक रिपोर्ट में इसका उल्लेख है। टेलीविजन नेटवर्क 'चैनल 12' की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि, पिछले हफ्ते नेतन्याहू और वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के बीच एक बंद कमरे में हुई बैठक में इसके नतीजे पर प्रकाश डाला गया। कथित तौर पर इस समय ईरान के खिलाफ अपने सैन्य विकल्पों पर इजरायल गंभीरता से विचार कर रहा है।
सैन्य खुफिया विभाग ने चेतावनी दी है कि इजरायल के हमले से लेबनान, सीरिया और गाजा सहित "कई मोर्चों" पर संघर्ष छिड़ सकता है। यह नेतन्याहू और इजरायल की खुफिया एजेंसी 'मोसाद' के उस अनुमान के विपरीत है, जिसमें कहा गया था कि यह अभियान तीन से पांच दिनों तक ही सीमित रह सकता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विपक्षी नेता एविग्डोर लिबरमैन ने हाल ही में इस बात का संकेत दिया था कि नेतन्याहू अमेरिका की मंजूरी के बिना ही एकतरफा हमला कर सकते हैं। लिबरमैन ने पिछले हफ्ते कहा था कि इस समय इजरायल का कोई भी हमला अनुचित होगा और यह "पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित" होगा।
आईडीएफ ने बंद कमरे की बैठकों में की गई चर्चा पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। एक अज्ञात सूत्र के हवाले से (प्रसारक 'कान' की रिपोर्ट) कहा गया है कि नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान पर "जल्द से जल्द" हमला करने का आग्रह कर रहे थे। हालांकि, राष्ट्रपति ने अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया है और बताया जा रहा है कि वे ऐसा करने के इच्छुक नहीं हैं।
इस महीने की शुरुआत में, नेतन्याहू ने एक 'राष्ट्रीय एकता सरकार' बनाने की अपनी मांग दोहराई थी। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू कर रहा है और केवल एक व्यापक गठबंधन ही इजरायल के लिए मौजूद इस खतरे को खत्म कर सकता है।
पहले से रिकॉर्ड किए गए एक संबोधन में, नेतन्याहू ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी गादी आइसेनकोट से आग्रह किया (जिन्हें इज़राइल की अगली सरकार बनाने का काम सौंपा गया है) कि वे बिना किसी पूर्व शर्त के गठबंधन वार्ता में शामिल हों।
नेतन्याहू ने कहा, "ईरानी शासन, जो इजरायल को नष्ट करना चाहता है, एक बार फिर अपने परमाणु कार्यक्रम को पुनर्जीवित करने की कोशिश कर रहा है। हमें इस अस्तित्व के खतरे को हमेशा के लिए खत्म करना होगा।"
नेतन्याहू ने कहा था कि एक 'राष्ट्रीय एकता सरकार' आने वाले कई वर्षों तक इजरायल की सुरक्षा की गारंटी दे सकती है और क्षेत्रीय शांति समझौतों का विस्तार कर सकती है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story