विश्व

अमेरिका से बातचीत की अटकलों के बीच किम जोंग उन ने नौसेना विश्वविद्यालय का किया दौरा

jantaserishta.com
19 Nov 2026 9:24 AM IST
अमेरिका से बातचीत की अटकलों के बीच किम जोंग उन ने नौसेना विश्वविद्यालय का किया दौरा
x
सोल: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने देश के पूर्वी तट पर स्थित नौसेना विश्वविद्यालय और दक्षिण हमग्योंग प्रांत में निर्माणाधीन प्रमुख परियोजनाओं का निरीक्षण किया। दौरे की टाइमिंग काफी अहम है। ये ऐसे समय हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान किम के साथ संभावित मुलाकात को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने गुरुवार को बताया कि किम ने इस सप्ताह की शुरुआत में किम जोंग सुक नौसेना विश्वविद्यालय और दक्षिण हमग्योंग प्रांत में चल रही प्रमुख निर्माण परियोजनाओं का दौरा किया।
इस दौरान उनके साथ सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी के केंद्रीय सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष पाक जोंग चोन भी मौजूद थे। कीसीएनए के अनुसार, बुधवार को विश्वविद्यालय के प्रमुख केंद्रों का निरीक्षण करते हुए किम ने समुद्री सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "खतरनाक दुश्मनों के साथ टकराव को देखते हुए, यह बहुत जरूरी है कि नौसेना युद्ध प्रणालियों के अधिक कुशल विशेषज्ञों और आधुनिक युद्धकला में माहिर कमांडिंग अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाए।"
किम ने विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और छात्रों से नौसेना को मजबूत करने की अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए और अधिक मेहनत करने का आह्वान किया। किम का यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि ट्रंप बुधवार को चीन के शेनझेन पहुंचे हैं। वह वहां बुधवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता भी करने वाले हैं।
ट्रंप ने हाल के दिनों में किम के साथ दोबारा बातचीत की इच्छा जाहिर की है। सोमवार को एशिया रवाना होने से पहले उन्होंने पत्रकारों से कहा था कि चीन में किम से उनकी मुलाकात हो सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि इस संबंध में फैसला चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर निर्भर करेगा।
बुधवार को प्रेस से बात करते हुए, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी कहा कि ट्रंप किम के साथ बातचीत करने को लेकर "गंभीर" हैं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि ऐसी मुलाकात "शायद न हो पाए," लेकिन राष्ट्रपति इसके लिए "तैयार" हैं।
किम के कार्यक्रम और उनकी गतिविधियों पर दक्षिण कोरिया समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है। फिलहाल उत्तर कोरिया की ओर से ट्रंप के प्रस्ताव पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान उनके और किम के बीच तीन आमने-सामने की मुलाकातें हुई थीं। जिनका मकसद प्योंगयांग के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों को लेकर बने गतिरोध को सुलझाना था। लेकिन फरवरी 2019 में वियतनाम में हुई मुलाकात के बिना किसी समझौते के खत्म होने के बाद, ये बातचीत विफल हो गई।
इससे पहले किम ने पूर्वी तट पर निर्माणाधीन एक प्रमुख नौसैनिक अड्डे का भी निरीक्षण किया था। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा और समुद्री संप्रभुता से जुड़ी अहम परियोजना बताया था और तय समयसीमा में इसका निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया था।
केसीएनए ने बताया कि किम ने मंगलवार को रिवोन काउंटी और उसके अगले दिन रैगवोन काउंटी में निर्माण स्थलों का दौरा किया। वहां पार्टी की प्रमुख क्षेत्रीय विकास नीति के तहत एक ऑफशोर मछली फार्म और आवासीय क्षेत्रों के निर्माण की परियोजनाएं चल रही हैं।
2024 में, किम ने क्षेत्रीय इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए एक नीति पेश की थी, जिसके तहत 10 वर्षों की अवधि में हर साल 20 शहरों और काउंटियों में आधुनिक कारखाने बनाए जाने का फैसला लिया गया।
TagsUS
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story