विश्व

अमेरिकी नेताओं ने सिएटल में दिवाली के दौरान हुए व्यवधान की निंदा की

Tara Tandi
10 Nov 2026 11:39 AM IST
अमेरिकी नेताओं ने सिएटल में दिवाली के दौरान हुए व्यवधान की निंदा की
x
वाशिंगटन: अमेरिका के पांच सांसदों और सिएटल की मेयर केटी विल्सन ने उस घटना की निंदा की है, जिसमें कुछ प्रदर्शनकारियों ने हिंदू-विरोधी और भारत-विरोधी तख्तियां लेकर दिवाली के जश्न में बाधा डाली।
यह घटना शनिवार को सिएटल सेंटर आर्मरी में 'दिवाली: लाइट्स ऑफ इंडिया' कार्यक्रम के दौरान हुई। यह एक सार्वजनिक उत्सव था, जिसमें भारतीय संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल थीं।
'कोएलिशन ऑफ हिंदुओं ऑफ नॉर्थ अमेरिका' (CoHNA) ने बताया कि जेक लैंग और थॉमस एलन ने उस समय जश्न में बाधा डाली, जब बच्चे अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। संगठन के अनुसार, उनके पास ऐसी तख्तियां थीं जिन पर भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां लिखी थीं और दावा किया गया था कि हिंदू ईसाइयों की जगह ले रहे हैं।
CoHNA ने बताया कि वहां मौजूद अन्य लोगों ने उन दोनों व्यक्तियों को वहां से हटा दिया।
मेयर विल्सन ने 'X' (ट्विटर) पर एक पोस्ट में "कट्टरपंथियों की उस नफरत भरी हरकत" की निंदा की, जिन्होंने सिएटल सेंटर में दिवाली के सुंदर समारोह में बाधा डाली। उन्होंने बताया कि शनिवार रात उन्होंने और उनकी बेटी ने दोस्तों के साथ मिलकर दिवाली मनाई थी।
डेमोक्रेटिक पार्टी की कांग्रेस सदस्य प्रमिला जयपाल, जिनके संसदीय क्षेत्र में सिएटल का बड़ा हिस्सा आता है, उन्होंने भी इस घटना की कड़ी निंदा की।
उन्होंने 'X' पर लिखा, "मैं इस घिनौनी और नस्लवादी हरकत से बेहद आहत हूं। दिवाली एक महत्वपूर्ण त्योहार है, और हमारे समुदाय को इसे सुरक्षित माहौल में मनाने का अधिकार है। हमारे शहर या हमारे देश में ऐसी नफरत भरी हरकतों के लिए कोई जगह नहीं है।"
इलिनोइस से भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है, "लेकिन यह जीत अपने आप नहीं मिल जाती।"
उन्होंने कहा कि भारत-विरोधी और हिंदू-विरोधी नारे यह दिखाते हैं कि भेदभाव से निपटने के लिए अभी कितना काम बाकी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि "हिंदुओं और किसी भी अन्य व्यक्ति के खिलाफ फैलाई जा रही इस नफरत को जड़ से खत्म करें।"
मिशिगन के कांग्रेस सदस्य श्री थानेदार ने इस बाधा को "बेहद घिनौना" बताया और कहा कि ऐसी हरकतों के लिए "अमेरिका में कोई जगह नहीं है।"
उत्तरी कैरोलिना की कांग्रेस सदस्य डेबोरा रॉस ने कहा कि "सिएटल में दिवाली कार्यक्रम के दौरान हुआ नस्लवादी और भारत-विरोधी प्रदर्शन बेहद निंदनीय है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।"
वाशिंगटन के कांग्रेस सदस्य एडम स्मिथ ने कहा कि "सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान खुलेआम दिखाए गए नस्लवाद से उन्हें गहरा धक्का लगा है।" उन्होंने कहा कि हर किसी को अपने त्योहार मनाने की पूरी छूट होनी चाहिए।
CoHNA ने इस व्यवधान की निंदा की, खासकर बच्चों पर इसके असर को लेकर चिंता जताई। संगठन ने समुदाय के लोगों से सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने अन्य दिवाली कार्यक्रमों को भी निशाना बनाने की बात कही है। 'काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस' के वाशिंगटन स्टेट चैप्टर ने भी रविवार को हुई इस घटना की निंदा की और इसे नस्लवादी, विदेशियों के प्रति नफरत से भरा और हिंदू-विरोधी करार दिया।
इसके कार्यकारी निदेशक, इमरान सिद्दीकी ने कहा, "हेट स्पीच (नफरत फैलाने वाले बयान), विदेशियों को परेशान करना और अल्पसंख्यक धार्मिक समूहों को निशाना बनाना, हमारे क्षेत्र और देश के मूल मूल्यों के खिलाफ है।"
वाशिंगटन स्टेट डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष शस्ती कॉनराड ने कहा कि हिंदू अमेरिकियों, दक्षिण एशियाई लोगों और अन्य समुदायों को बिना किसी डर या उत्पीड़न के अपने धर्म और परंपराओं को मनाने की आजादी होनी चाहिए।
भारतीय-अमेरिकी व्यवसायी अजय जैन भुटोरिया ने भी हिंदू अमेरिकियों और भारतीय प्रवासियों को नस्लीय टिप्पणियों और साजिश से जुड़ी बातों के जरिए निशाना बनाए जाने की निंदा की।
Next Story