
अमेरिका। अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तानी मध्यस्थता से हुआ अस्थाई सीजफायर टूटने की कगार पर पहुंच गया है. कारण, अमेरिकी सेना ने एक बार फिर ईरान पर एयरस्ट्राइक की है. जानकारी के मुताबिक बुधवार रात ईरान के अंदर एक और बड़े हवाई हमले को अंजाम दिया. एक अमेरिकी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि अमेरिकी सेना ने रात भर ईरान में नए हमले किए, जिसमें एक ऐसे सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया गया, जिसके बारे में अधिकारियों का मानना था कि वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी सेना और कमर्शियल समुद्री आवाजाही के लिए खतरा पैदा कर रहा था. यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई है.
रिपोर्ट के अनुसार, इस नए हमले के दौरान अमेरिकी सेना ने ईरान द्वारा लॉन्च किए गए कई घातक ड्रोन को भी बीच हवा में मार गिराया. इस अमेरिकी हमले की पुष्टि ईरानी मीडिया ने भी की है. ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी 'फार्स' के मुताबिक, दक्षिणी ईरान के रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बंदर अब्बास के पूर्वी इलाके में स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे लगातार तीन तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं.
धमाकों के तुरंत बाद ईरानी सेना का एयर डिफेंस सिस्टम कई मिनटों तक एक्टिव रहा और आसमान में फायरिंग की गई. हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने फिलहाल नुकसान की कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है और मामले की जांच की बात कही है.
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब महज दो दिन पहले (सोमवार को) भी अमेरिकी सेंट्रल कमांड CENTCOM ने दक्षिणी ईरान में मिसाइल लॉन्च साइटों और ईरानी नौसेना की उन नावों को तबाह किया था, जो कथित तौर पर समुद्र में बारूदी माइंस बिछाने का प्रयास कर रही थीं. सेंटकॉम के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा था कि यह कार्रवाई अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी थी. वहीं ईरान ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे सीजफायर का उल्लंघन करार दिया था. ईरान ने चेतावनी देते हुए कहा था कि किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा. ईरानी सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी दुश्मनी को बिना जवाब के नहीं छोड़ेगी.





