विश्व

अमेरिका: दक्षिणी इलिनॉयस में गोलीबारी के चलते 7 लोग घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार

Deepa Sahu
10 Sep 2021 6:21 PM GMT
अमेरिका: दक्षिणी इलिनॉयस में गोलीबारी के चलते 7 लोग घायल,  तीन आरोपी गिरफ्तार
x
अमेरिका के दक्षिणी इलिनॉयस में गोलीबारी की एक घटना में सात लोग घायल हो गए।

अमेरिका के दक्षिणी इलिनॉयस में गोलीबारी की एक घटना में सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद जिस कार में संदिग्ध भागे थे वह एक यात्री ट्रेन से टकरा गई थी। इसके कुछ घंटे बाद संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।


किस मकसद से किया हमला नहीं चला मालूम
ईस्ट सेंट लुइस में गुरुवार दोपहर को गोलीबारी हुई थी। इसके मकसद या घायलों की हालत के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। स्टीफेन पियर्स नामक एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बस का इंतजार कर रहा था जब उसने गोली चलने की आवाज सुनी। पियर्स ने कहा कि उसकी पत्नी के हाथ में गोली लगी।

जिस कार से भाग रहे थे संदिग्ध, मेट्रो से टकराई
इलिनॉयस राज्य पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के बाद संदिग्ध कार में बैठकर भागे लेकिन यह (कार) मेट्रो लिंक ट्रेन से जा टकराई। उन्होंने कहा कि कार में बैठे लोग फरार हो गए थे। ट्रेन के कुछ यात्रियों को भी चोट आई। पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे ईस्ट सेंट लुइस में एक आधी ढही इमारत के बेसमेंट में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आगे की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।


Next Story