विश्व

अद्भुत नजारा! देखिए सूर्यग्रहण की खूबसूरत तस्वीरें, NASA ने अंतरिक्ष से किया शेयर

Gulabi
6 Dec 2021 5:22 PM GMT
अद्भुत नजारा! देखिए सूर्यग्रहण की खूबसूरत तस्वीरें, NASA ने अंतरिक्ष से किया शेयर
x
देखिए सूर्यग्रहण की खूबसूरत तस्वीरें
कैलिफोर्निया: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने शनिवार को लगे सूर्यग्रहण की रोचक तस्वीरें शेयर की है। इन तस्वीरों में अंतरिक्ष से धरती पर लगने वाले सूर्यग्रहण का रोचक नजारा दिखाया गया है। 4 दिसंबर को लगे इस सूर्यग्रहण को भारत में नहीं देखा गया। इसके बावजूद यह अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ अंटार्कटिका और दक्षिण अमेरिका के तकई देशों में साफ नजर आया।
अंतरिक्ष यात्रियों ने सूर्यग्रहण की तस्वीरें भेजी
ग्रहण के समय कुछ अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद थे। उन्होंने सूर्यग्रहण की रोचक तस्वीरों को कैमरे में कैद किया। नासा के Expedition 66 के क्रू ने 360 डिग्री का नजारा दिखाने वाली खिड़की से सूर्यग्रहण को देखा। उभरी हुई यह अर्धचंद्राकार खिड़की अंतरिक्ष स्टेशन के ऊपरी दीवार पर फिट है। अक्सर अंतरिक्षयात्री बिना बाहर निकले इसी खिड़की से अंतरिक्ष का नजारा देखते हैं।
पृथ्वी पर चंद्रमा की तिरछी छाया आई नजर
नासा के अंतरिक्ष यात्री कायला बैरोन ने अंतरिक्ष से ग्रहण को देखने को अविश्वसनीय बताया। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी पर पड़ती चंद्रमा की छाया को देखा। इससे पृथ्वी का एक हिस्सा गहरे अंधकार में डूब गया, जबकि बाकी जगह उजाला बना रहा।
नासा एस्ट्रोनॉट्स ट्विटर हैडल ने शेयर की तस्वीरें

नासा एस्ट्रोनॉट्स के ट्विटर हैंडल से तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा कि शनिवार की सुबह, अभियान 66 चालक दल ने अंटार्कटिका और दक्षिणी महासागर में होने वाले पूर्ण सूर्य ग्रहण की जांच करने के लिए स्पेशल खिड़की का इस्तेमाल किया। इस दौरान चंद्रमा पृथ्वी की सतह पर तिरछी छाया बनाता नजर आया। यह देखने के लिए एक अविश्वसनीय दृश्य था।
नासा ने सूर्यग्रहण की लाइव स्ट्रीमिंग भी की थी
नासा ने अंतरिक्ष में रूचि रखने वाले लोगों के लिए YouTube पर एक लाइवस्ट्रीम की भी व्यवस्था की थी। इस दौरान दर्शक ग्रहण के शुरुआत से लेकर उसके चरम पर पहुंचने और फिर खत्म होने का पूरा नजारा अपने घरों में बैठे-बैठे देख पाए। इसके अलावा कुछ भाग्यशाली लोगों ने इसे अपने-अपने देशों में और कुछ ने तो फ्लाइट में देखा। नासा ने चेतावनी देते हुए कहा था कि लोग सूर्यग्रहण को नंगी आंखों से न देखें।
Next Story