
x
भ्रष्टाचार रोधी फाउंडेशन पर लगा प्रतिबंध
रूस (Russia) की एक अदालत ने जेल में बंद विपक्षी नेता एलेक्सी नवालनी (Alexei Navalny) द्वारा स्थापित एक फाउंडेशन की गतिविधियों पर मंगलवार को प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया. अदालत ने हालांकि इस बारे में फैसला निलंबित रखा कि 'नवालनी फाउंडेशन फॉर फाइटिंग करप्शन' गैरकानूनी अथवा चरमपंथी समूह है या नहीं. मॉस्को सिटी कोर्ट का फैसला ऐसे समय आया है जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के कट्टर आलोचक नवालनी, उनके सहयोगियों और उनके राजनीतिक ढांचे के खिलाफ व्यापक कार्रवाई जारी है.
अभियोजन कार्यालय ने अदालत से नवालनी के फाउंडेशन और क्षेत्रीय कार्यालयों के नेटवर्क को चरमपंथी समूह घोषित करने और सदस्यों को लंबे समय तक जेल में रखने का आग्रह किया है. यदि अदालत इस आग्रह को मान लेती है तो यह नवालनी और उनके समर्थकों के लिए बहुत बड़ा झटका होगा. नवालनी जनवरी से ही राजधानी मॉस्को के बाहर स्थित एक जेल में बंद हैं. देशभर से उनके अनेक समर्थकों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
चुनाव में भाग लेने और बैंक में जमा पैसों के प्रयोग पर भी लगी रोक
नवालनी के फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील इवान पॉवलोव ने कहा कि संगठन के रैली आयोजित करने लिए मीडिया एवं इंटरनेट का प्रयोग करने पर रोक लगा दी गई है. चुनाव में भाग लेने और बैंक में जमा पैसों के प्रयोग पर भी रोक लगाई गई है. फाउंडेशन के डायरेक्टर इवान झेडानोव ने कहा कि फाउंडेशन पर लगी रोक से इसका कार्य प्रभावित नहीं होगा. उन्होंने तर्क दिया कि अधिकांश प्रतिबंध भ्रष्टाचार-विरोधी संगठन की गतिविधियों पर लागू नहीं होते हैं.
यूट्यूब वीडियो के जरिए भ्रष्टाचार उजागर करता है फाउंडेशन
एलेक्सी नवालनी के इस फाउंडेशन को 10 साल पहले स्थापित किया गया था. ये फाउंडेशन रूस के उच्च पदों पर बैठे अधिकारियों के भ्रष्टाचार को उजागर करता है. इन भ्रष्टाचारों का खुलासा यूट्यूब वीडियो के जरिए किया जाता है, जिसे बड़ी संख्या में लोग देखते हैं. हाल ही में यूट्यूब पर पोस्ट किए गए फाउंडेशन के एक वीडियो को 11.6 करोड़ बार देखा गया. इसमें काला सागर के किनारे स्थित एक महल के बारे में बताया गया, जिसे लेकर कहा गया कि इसे एक भ्रष्टाचारी स्कीम के जरिए राष्ट्रपति पुतिन ने तैयार करवाया है. हालांकि, क्रेमलिन ने इस महल के पुतिन के साथ लिंक होने से इनकार किया.
Next Story





