विश्व

चीन-दक्षिण कोरिया संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने पर सहमति

SHIDDHANT
25 Aug 2025 11:01 PM IST
चीन-दक्षिण कोरिया संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने पर सहमति
x

PEICHING पेइचिंग : 24 अगस्त — चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के विशेष दूत पार्क ब्योंग-सेग से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और रणनीतिक सहयोग को ऊंचे स्तर तक ले जाने पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान वांग यी ने कहा कि हाल ही में राष्ट्रपति शी चिनफिंग और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-मायुंग के बीच फोन पर हुई बातचीत ने दोनों देशों के रिश्तों की दिशा तय की है। इस वार्ता में दोनों नेताओं ने रणनीतिक सहयोग साझेदारी को और गहरा करने तथा अगले चरण के संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने पर सहमति जताई।

वांग यी ने जोर दिया कि चीन और दक्षिण कोरिया को अपने राजनयिक संबंधों की शुरुआत की भावना को याद रखते हुए आपसी विश्वास और सहयोग को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को संवेदनशील मुद्दों का सावधानीपूर्वक निपटारा करना होगा, ताकि जनभावना सकारात्मक दिशा में बढ़ सके और आपसी हितों का विस्तार किया जा सके। इस अवसर पर दक्षिण कोरिया के विशेष दूत पार्क ब्योंग-सेग ने राष्ट्रपति ली जे-मायुंग का एक पत्र राष्ट्रपति शी चिनफिंग तक पहुंचाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया की नई सरकार चीन के साथ रणनीतिक साझेदारी को सही दिशा में आगे बढ़ाना चाहती है।

पार्क ब्योंग-सेग ने स्पष्ट किया कि दक्षिण कोरिया "एक चीन नीति" का सम्मान करता है और चीन के साथ आपसी सहयोग को मजबूत करने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि सियोल और पेइचिंग को आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने से दोनों देशों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष दूत ने यह भी बताया कि दक्षिण कोरिया की नई सरकार चीन के साथ संबंधों को स्थिर और दीर्घकालिक बनाने की इच्छुक है। उनका कहना था कि आज की वैश्विक परिस्थितियों में बीजिंग और सियोल के बीच सहयोग न केवल दोनों देशों के लिए, बल्कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए भी महत्वपूर्ण है। यह बैठक दोनों देशों के बीच बढ़ते संवाद का संकेत मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, चीन और दक्षिण कोरिया की साझेदारी एशिया-प्रशांत क्षेत्र की आर्थिक और रणनीतिक संतुलन में अहम भूमिका निभा सकती है।

Next Story