विश्व

वाशिंगटन के बाद शिकागो में भी अपराध रोकने के लिए कार्रवाई कर सकती है संघीय सरकार: ट्रंप

jantaserishta.com
23 Aug 2025 9:39 AM IST
वाशिंगटन के बाद शिकागो में भी अपराध रोकने के लिए कार्रवाई कर सकती है संघीय सरकार: ट्रंप
x
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि शिकागो अगला ऐसा शहर हो सकता है, जहां अपराध रोकने के लिए संघीय सरकार कार्रवाई कर सकती है। इससे पहले, सरकार वाशिंगटन में भी कुछ दिनों से ऐसी ही कार्रवाई कर रही है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने दावा किया कि वाशिंगटन डीसी "दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक" बन रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनका प्रशासन अपराध, बेघरता, और अवैध प्रवास से निपटने के लिए अन्य शहरों का भी रुख करेगा।
राष्ट्रपति ने कहा, "इसके बाद शिकागो हमारा अगला शहर होगा।" जब ट्रंप ने 11 अगस्त को व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि वे वाशिंगटन में कानून-व्यवस्था और जन सुरक्षा बहाल करने में मदद के लिए नेशनल गार्ड तैनात कर रहे हैं, तो उन्होंने शिकागो, लॉस एंजिल्स, न्यूयॉर्क, बाल्टीमोर और ऑकलैंड को भी अशांत शहर बताया। ये सभी डेमोक्रेटिक नेतृत्व वाले शहर हैं।
संयुक्त कार्य बल-डीसी की गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस मिशन के तहत वेस्ट वर्जीनिया, साउथ कैरोलिना, मिसिसिपी, ओहायो, लुइसियाना और टेनेसी नेशनल गार्ड सहित कई राज्यों से 1,900 से अधिक सैनिकों को बुलाया गया है।
ट्रंप ने गुरुवार को दक्षिण-पूर्वी वाशिंगटन में कानून प्रवर्तन अधिकारियों और नेशनल गार्ड के जवानों से मुलाकात की और अन्य शहरों में भी इसी तरह के अपराध दमन अभियान शुरू करने का अपना संकल्प दोहराया।
सीएनएन ने शुक्रवार को एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने वाशिंगटन की सड़कों पर गश्त करने वाले नेशनल गार्ड के सदस्यों को अपने सर्विस हथियार साथ रखने का आदेश दिया है। हेगसेथ का यह निर्देश पेंटागन के पिछले दिशा-निर्देशों से अलग है। पेंटागन ने पहले कहा था कि अगर हालात की ज़रूरत हो तो नेशनल गार्ड के सदस्यों को हथियार दिए जा सकते हैं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 11 अगस्त 2025 को वाशिंगटन डीसी में अपराध को "नियंत्रण से बाहर" करार देते हुए "अपराध आपातकाल" घोषित किया। जवाब में, बोसर ने कहा कि अपराध न केवल 2023 से कम हुआ है, बल्कि 2019 से भी कम हुआ है, और कहा कि हम हिंसक अपराध के मामले में 30 साल के निचले स्तर पर हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story