विश्व

रूस व बेलारूस के बाद ईरान को भी नोबेल पुरस्कार समारोह से बाहर किया गया

Subhi
29 Oct 2022 12:53 AM GMT
रूस व बेलारूस के बाद ईरान को भी नोबेल पुरस्कार समारोह से बाहर किया गया
x

रूस व बेलारूस के बाद अब ईरान को भी तगड़ा झटका लगा है। ईरान को भी अब नोबेल पुरस्कार समारोह से बाहर कर दिया गया है। यूक्रेन में युद्ध को लेकर रूस और बेलारूस के दूतों को इस कार्यक्रम में शामिल होने से रोक दिया गया था। प्रतिष्ठित नोबेल पुरस्कारों का प्रबंधन करने वाले निजी फाउंडेशन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उसने कहा कि ईरान के राजदूत को देश में 'गंभीर स्थिति' के कारण स्टॉकहोम में इस साल के नोबेल पुरस्कार समारोह से बाहर रखा गया है। नोबेल फाउंडेशन ने एक बयान में कहा, 'हमारा मानना ​​है कि ईरान के राजदूत को उनके देश की गंभीर और बिगड़ती स्थिति को देखते हुए नोबेल पुरस्कार समारोह में आमंत्रित नहीं किया जाना चाहिए।'

हर साल 10 दिसंबर को दिया जाता है

आम तौर पर, स्वीडन में नियुक्त राजदूतों को 10 दिसंबर को होने वाले सालाना कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाता है। नोबेल पुरस्कार हर साल 10 दिसंबर को दिया जाता है। इस पुरस्कार के संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल की मृत्यु 1896 में 10 दिसंबर को ही हुई थी। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच पिछले आठ महीने से जंग चल रही है।

आठ महीने बाद भी जारी है जंग

शुक्रवार को रूसी सैनिकों ने पूर्वी यूक्रेन के शहर बखमुट पर कब्जा के लिए हमले तेज कर दिए हैं। रूस की सीमा से लगे पूरे डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करने के मास्को के लक्ष्य के बावजूद आठ महीने के युद्ध के दौरान यह शहर यूक्रेन के कब्जे में ही रहा है। पिछले महीने से ज्यादातर लड़ाई दक्षिणी यूक्रेन के खेरसॉन क्षेत्र में केंद्रित रही है और बखमुट के आसपास की लड़ाई के तेज होने से पता लगता है कि यूक्रेन में हफ्तों की स्पष्ट नाकामी के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध में बढ़त चाहते हैं।


Next Story