विश्व

तालिबान के खिलाफ अफगानी महिलाओं ने संभाला मोर्चा, आखिरी सांस तक लड़ने की ठानी

Kunti Dhruw
9 July 2021 5:37 PM GMT
तालिबान के खिलाफ अफगानी महिलाओं ने संभाला मोर्चा, आखिरी सांस तक लड़ने की ठानी
x
विदेशी सेनाओं की वापसी के साथ ही अफगानिस्तान में तालिबान ने फिर सिर उठाना शुरू कर दिया है।

कंधार,विदेशी सेनाओं की वापसी के साथ ही अफगानिस्तान में तालिबान ने फिर सिर उठाना शुरू कर दिया है। अफगानिस्तान के सैनिक अपनी जान बचाने के लिए दूसरे देशों में सहारा ले रहे हैं। साथ ही देश के कई इलाकों पर तालिबान ने कब्जा कर लिया है। इस मुसीबत की घड़ी में अफगान की महिलाओं ने मोर्चा संभालने का फैसला किया है।

तालिबान के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन
अफगानी महिलाएं देश की सड़कों पर हथियार लेकर तालिबान के खिलाफ उतर आई हैं। ये महिलाएं अफगान बलों का हौसला बढ़ाने के लिए बंदूकों के साथ आई हैं। हथियार लिए इन महिलाओं के इरादे इतने बुलंद हैं कि, वो अपनी अखिरी सांस तक तालिबान से लड़ने के लिए तैयार हैं। खबरों के मुताबिक, अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे की खबरें की वजह से इन महिलाओं ने हथियारों के साथ मोर्चा संभाला है। वो सड़कों पर तालिबान विरोधी नारे लगा रही हैं और युद्ध के मैदान में उसका सामना करने के लिए भी बिल्कुल तैयार हैं।
हथियारों के साथ महिलाओं की तस्वीरें वायरल
देश के महिला निदेशालय की प्रमुख हलीमा के मुताबिक, कुछ महिलाएं अफगान सुरक्षा बलों को प्रतीकात्मक तौर से प्रेरित करना चाहती हैं, जबकि ज्यादातर महिलाएं तालिबान के खिलाफ युद्ध में मोर्चा लेने के लिए भी तैयार हैं और वह भी उनमें शामिल हैं। हमने गवर्नर से भी लड़ाई में शामिल होने की इच्छा जताई है। सोशल मीडिया पर महिलाओं की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें वो हथियार और अफगान का झंडा लिए दिख रही हैं।
अफगान के कई शहरों में प्रदर्शन
खबरों के मुताबिक काबुल, फारयाब, हेरात और कई अन्य शहरों में महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर तालिबान के खिलाफ विरोधी नारे लगाए और खुलकर प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने इस दौरान युद्ध में भी शामिल होने की इच्छा जताई। एक प्रदर्शनकारी महिला का कहना था कि, कोई भी महिला लड़ाई ने लड़ना चाहती,वो सिर्फ अपने अधिकार चाहती है, वो अपनी शिक्षा जारी रखना चाहती हैं और हिंसा से दूर रहना चाहती हैं। लेकिन परिस्थितियों ने उन्हें और उनके साथ अन्य महिलाओं इस हाल में लाकर खड़ा कर दिया है कि, हमारे पास तालिबान के खिलाफ हथियार उठाने के सिवा और कोई समाधान नहीं है।
Next Story