विश्व

Afghan refugees: ईरान ने अपने देश से 5600 नागरिकों को जबरन बाहर निकाला

Neha Dani
29 July 2022 8:11 AM GMT
Afghan refugees: ईरान ने अपने देश से 5600 नागरिकों को जबरन बाहर निकाला
x
शरणार्थियों के स्वदेश लौटने के अपील के बाद अभी तक इस साल केवल 1,334 अफगान नागरिक ही वापस अपने देश लौटे हैं।

ईरान ने अपने देश में बढ़ती अफगानिस्तानी नागरिकों की संख्या से परेशान होकर अफगान नागरिकों को अपने देश से जबरन बाहर निकालना शुरू कर दिया है। काबुल में तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार ने कहा है कि पिछले कुछ सप्ताह के दौरान ईरान ने अपने देश से 5600 नागरिकों को जबरन बाहर निकाला है। शरणार्थी और प्रत्यावर्तन मंत्रालय (Ministry of Refugees and Repatriation) के डिप्टी मंत्री मोहम्मद अरसलाह खारोती ने कहा, ''हमने खासकर ईरान और उन देशों से जहां अफगानिस्तान के नागरिक प्रवासी के तौर पर रह रहे हैं, उन देशों को इस्लामी और अंतरराष्ट्रीय कानून के आधार पर अफगान प्रवासियों के अधिकारों का सम्मान करने के लिए कहा है।'' टोलो न्यूज ने गुरुवार को यह जानकारी दी।


अफगानिस्तान मंत्रालय ने क्या कहा
अफगानिस्तान मंत्रालय ने ईरान और अन्य सभी देशों से जहां अफगानिस्तान नागरिक प्रवासी के तौर पर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। उन सभी देशों से अफगानिस्तान के नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने को कहा है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, ईरान समेत पाकिस्तान से 66 अफगानिस्तानी परिवार वापस अपने देश लौटे आये हैं।

इतने अफगानिस्तान शरणार्थी दूसरे मुल्क में हैं
अफगानिस्तान में तालिबानी शासन आने के बाद देश का नागरिक अपना जीवन यापन करने के लिए पड़ोसी देशों में शरणार्थी बन कर रह रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त एजेंसी (UN Refugee Agency) के मुताबिक ईरान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान में 2,069,703 पंजीकृत शरणार्थी रह रहे हैं। इन देशों में सबसे ज्यादा शरणार्थी पाकिस्तान और ईरान में रह रहे हैं, जिनकी कुल संख्या क्रमशः 1,282,901 और 780,000 है।

इतने शरणार्थी वापस लौट चुके हैं अफगानिस्तान

तालिबानी सरकार ने पड़ोसी देशों में रह रहे अपने नागरिकों से अपील की थी कि वह अपने देश लौट आएं। तालिबान ने अफगानिस्तान से दूसरे मुल्कों में गए अल्पसंख्यकों को भी वापस देश में लौटने का निवेदन किया था और उन्हें सुरक्षा देने का भी वादा किया था। तालिबान के दूसरे देशों में रह रहे शरणार्थियों के स्वदेश लौटने के अपील के बाद अभी तक इस साल केवल 1,334 अफगान नागरिक ही वापस अपने देश लौटे हैं।


Next Story