विश्व

अमेरिका के विस्कॉन्सिन मॉल में हुई गोलीबारी, किशोर समेत 8 लोग घायल

Neha Dani
21 Nov 2020 3:10 AM GMT
अमेरिका के विस्कॉन्सिन मॉल में हुई गोलीबारी, किशोर समेत 8 लोग घायल
x
अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य के ववातोसा में मिल्वौकी के पास एक मॉल में गोलीबारी हुई है,

जनता से रिश्ता वेबडेसक| अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य के ववातोसा में मिल्वौकी के पास एक मॉल में गोलीबारी हुई है, जिसमें आठ लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। ववातोसा के पुलिस प्रमुख बैरी वैबर ने कहा है कि जांचकर्ता मेफेयर मॉल में हुई गोलीबारी में संदिग्ध की पहचान करने के लिए काम कर रहे हैं।

बैरी ने कहा कि शुरुआती बयानों से पता चलता है कि इस घटना को अंजाम देने वाला आरोपी 20 से 30 साल का पुरुष है। हालांकि, जांचकर्ता उस संदिग्ध की पहचान निर्धारित करने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, पुलिस अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही गोलीबारी करने वाला आरोपी फरार हो गया था।

पुलिस प्रमुख ने कहा, दमकल विभाग ने सात व्यस्कों और एक किशोर को अस्पताल पहुंचाया है। हालांकि, अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है। अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है। फिलहाल, घायलों का इलाज जारी है।

ववातोसा के मेयर डेनिस मैकब्राइड ने कहा, घटना की जानकारी मिलते ही 75 पुलिस अधिकारियों को मेफेयर मॉल भेजा गया है। पीड़ितों में से किसी को भी ऐसी चोटें नहीं दिखीं, जिनसे जान का खतरा हो। हालांकि, हम अपनी तरफ से सभी सावधानी बरत रहे हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिसबल को तैनात किया गया है। साथ ही एंबुलेंस भी खड़ी दिखाई दीं। पुलिस अधिकारी अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर मॉल के भीतर दाखिल होते हुए दिखाई दिए।

मॉल में मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्राहकों के बीच डर का माहौल पैदा हो गया। मॉल के स्टॉफ ने तुरंत कदम उठाते हुए सभी ग्राहकों से झुकने के लिए कहा और उन्हें मॉल के पीछे ले गए। साथ ही मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया। उसने बताया कि मॉल के पीछे बने एक कमरे में दर्जनों ग्राहक और छह कर्मचारी लॉक थे। ये लोग तभी बाहर निकले जब पुलिस टीम यहां पहुंची।


Next Story