विश्व

स्पेन ट्रेन हादसे में 68 लोगों की मौत, यूएन महासचिव गुटेरेस ने जताया गहरा दुख

jantaserishta.com
29 Oct 2026 8:41 AM IST
स्पेन ट्रेन हादसे में 68 लोगों की मौत, यूएन महासचिव गुटेरेस ने जताया गहरा दुख
x
संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने स्पेन में हुए भीषण ट्रेन हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। यह जानकारी उनके प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने दी। स्पेन के मध्य क्षेत्र में हुए इस रेल हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई, जबकि 180 से ज्यादा घायल हो गए हैं।
महासचिव गुटेरेस ने बुधवार को स्थानीय समयानुसार पीड़ित परिजनों, स्पेन की जनता और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, स्पेन के टोलेडो प्रांत में मैड्रिड-सेविले रेल लाइन पर बुधवार सुबह एक हाई स्पीड ट्रेन ने खड़ी दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने दुर्घटना की न्यायिक और तकनीकी जांच कराने का आश्वासन दिया।
टोलेडो में दुर्घटनास्थल के पास स्थापित आपातकालीन नियंत्रण केंद्र से पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांचेज ने कहा कि सरकार दुर्घटना की परिस्थितियों की गहन जांच करेगी और यदि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक या लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
उन्होंने कहा, "हम इस हादसे की तह तक जाएंगे। सांचेज ने कहा कि यदि मानवीय त्रुटि, परिचालन संबंधी लापरवाही या स्वचालित सुरक्षा प्रणाली में तकनीकी खामी सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि यह त्रासदी पूरे देश को प्रभावित करने वाली है और पूरा स्पेन शोक में डूबा हुआ है। प्रधानमंत्री ने बताया कि फिलहाल बचाव दलों का मुख्य ध्यान फंसे हुए लोगों को निकालने, प्रभावित परिवारों की सहायता करने तथा घायलों को तत्काल चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, सरकारी रेलवे कंपनी रेन्फे की एक हाई स्पीड ट्रेन ने उसी ट्रैक पर खड़ी निजी कंपनी इर्यो की वाणिज्यिक ट्रेन के पिछले हिस्से में टक्कर मारी। रेल सुरक्षा नियामकों और जांच एजेंसियों ने यह पता लगाने के लिए औपचारिक जांच शुरू कर दी है कि दो हाई-स्पीड यात्री ट्रेनें एक ही ट्रैक खंड पर कैसे पहुंच गईं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story