विश्व
यमन में सरकारी बलों और हूती विद्रोहियों के बीच भीषण संघर्ष में 25 लोगों की मौत
jantaserishta.com
4 Sept 2026 8:02 AM IST

x
अदन (यमन): यमन के दक्षिण-पश्चिमी ताइज प्रांत में गुरुवार को सरकारी बलों और हूती विद्रोहियों के बीच भीषण संघर्ष में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह जानकारी एक सरकारी सैन्य अधिकारी ने दी।
सिन्हुआ न्यूज ने अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार बताया कि इस लड़ाई में 15 सरकारी सैनिक और 10 हूती लड़ाके मारे गए। यह संघर्ष सुबह शुरू हुआ, जब हूती लड़ाकों ने मकबाना और अल-कधा गांवों में सरकारी ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमला किया।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच तोपखाने, मोर्टार और अन्य भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया। अधिकारी ने कहा कि शुरुआत में हूती लड़ाके कुछ क्षेत्रों पर कब्जा करने में सफल रहे, लेकिन बाद में सरकारी बलों को अतिरिक्त सहायता मिलने के बाद जवाबी हमला किया गया और कुछ इलाकों पर फिर से नियंत्रण हासिल कर लिया गया।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने बताया कि संघर्ष तेज होने के बाद कई परिवार सुरक्षित इलाकों की ओर भागने लगे हैं।हूती बलों की बढ़ती गोलाबारी के कारण इलाके में एक बार फिर विस्थापन की स्थिति पैदा हो गई है और लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
जमीनी लड़ाई के साथ-साथ पश्चिमी यमन के कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमले भी हुए। सरकारी बलों ने दावा किया कि पिछले कुछ घंटों में हूतियों ने 14 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और ताइज तथा पड़ोसी होदेइदाह प्रांत के पश्चिमी तटीय क्षेत्रों पर ड्रोन हमले किए। सरकारी पक्ष का कहना है कि उनकी वायु रक्षा प्रणाली ने कई ड्रोन को मार गिराया।
हालांकि, हूती समूह ने अभी तक इन झड़पों या सरकारी दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। सोमवार को यमनी सरकारी बलों ने कहा था कि उन्होंने हूती समूह की विस्फोटकों से भरी चार नौकाओं को रोक लिया था।
सरकारी समाचार एजेंसी सबा के अनुसार, ये नौकाएं लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों के नजदीक स्थित हनिश द्वीप समूह और जुकर द्वीप की ओर बढ़ रही थीं, लेकिन सरकारी नौसेना ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक, रविवार और सोमवार को भी हूती नौकाओं की कई गतिविधियां देखी गईं, जब वे इन रणनीतिक द्वीपों के पास पहुंचने की कोशिश कर रही थीं। पिछले कुछ हफ्तों में यमन के कई मोर्चों पर सरकारी बलों और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष तेज हो गया है।
सरकारी सेना ने हूती ठिकानों पर ड्रोन और तोपखाने से हमले बढ़ाए हैं, जबकि हूती समूह ने मारीब और लाल सागर तट के सरकारी नियंत्रण वाले इलाकों पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। यमन में लंबे समय से जारी संघर्ष के कारण पहले ही लाखों लोग प्रभावित हो चुके हैं, और ताजा हिंसा से आम नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





