विश्व

रॉकेट हमले में 22 लोग घायल

Nilmani Pal
13 Jun 2022 1:09 AM GMT
रॉकेट हमले में 22 लोग घायल
x

रूसी सेना ने रविवार को यूक्रेन के पश्चिमी टर्नोपिल इलाके में क्रूज मिसाइल हमला कर अमेरिका और यूरोपीय देशों से मिले हथियारों का भंडार नष्ट कर दिया। यूक्रेन को ये विदेशी हथियार रूसी सेना के साथ चल रहे युद्ध में लड़ने के लिए दिए गए थे। इस बीच पूर्वी लुहांस्क प्रांत के सीविरोडोनेस्क शहर में सड़कों पर भीषण लड़ाई जारी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने सैनिकों की बहादुरी की दाद दी है जो सीमित संसाधनों के बूते 108 दिन से युद्ध के मैदान में डटे हुए हैं। टर्नोपिल क्षेत्र के गवर्नर ने बताया है कि चोर्टकीव शहर में स्थित सैन्य ठिकाने पर काला सागर से दागी गईं क्रूज मिसाइलों ने हमला किया। इस हमले में 22 लोग घायल हुए हैं। सैन्य ठिकाने से जुड़े अधिकारी ने वहां पर विदेशी हथियारों का भंडार होने से इन्कार किया है।

रूस ने अमेरिका और यूरोपीय देशों से हथियार देकर युद्ध न भड़काने के लिए कहा है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि उनकी सेना विदेशी हथियारों की आपूर्ति को निशाना बनाएगी। जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की अमेरिका और यूरोपीय देशों से लगातार हथियार मांग रहे हैं। अब उन्होंने बड़े हथियारों की आपूर्ति तेज करने के लिए कहा है जिससे युद्ध मैदान में उनकी सेना रूसी सेना का मजबूती से मुकाबला कर सके।


Next Story