विश्व

18 की मौत: Lebanon में Israel का बड़ा हमला, ट्रंप की भी नहीं सुन रहे नेतन्याहू

jantaserishta.com
19 Jun 2026 5:27 PM IST
18 की मौत: Lebanon में Israel का बड़ा हमला, ट्रंप की भी नहीं सुन रहे नेतन्याहू
x
बड़ा अपडेट.
नई दिल्ली: इजरायल और लेबनान के बीच एक बार फिर जंग तेज हो गई है. रात भर हुई लड़ाई में इजरायल के 4 सैनिक मारे गए, जो ईरान समर्थित गुट हिज्बुल्लाह की तरफ से इस जंग में किए गए सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है. वहीं इजरायल के हमलों में लेबनान में कम से कम 18 लोग मारे गए हैं.
ये हालात उस वक्त बने हैं जब अमेरिका और ईरान के बीच पूरी जंग रोकने के लिए एक डील हुई है, लेकिन लेबनान में बढ़ती हिंसा इस डील को खतरे में डाल रही है. इसी बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्विट्जरलैंड का अपना दौरा भी टाल दिया है, जहां ईरान के साथ अगले दौर की बातचीत होनी थी.
दक्षिणी लेबनान में इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच रात भर जोरदार लड़ाई चली. इजरायल के 4 सैनिक मारे गए, जिनमें एक लेफ्टिनेंट कर्नल भी शामिल था. एक ड्रोन हमले में 5 और सैनिक घायल हो गए. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि आधी रात से अब तक 11 कस्बों में हुए भारी हवाई हमलों में 18 लोग मारे गए और 33 घायल हुए. बमबारी की वजह से लोगों को बचाने और निकालने का काम भी नहीं हो पा रहा है. मरने वालों की गिनती अभी और बढ़ सकती है.
सबसे ज्यादा तबाही टायर शहर के पास हारौफ गांव में हुई, जहां 7 लोग मारे गए और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. फ्रांस ने अमेरिका से कहा है कि वो इजरायल पर दबाव डाले कि लेबनान में लड़ाई बंद हो. क्योंकि इस बढ़ती हिंसा से अमेरिका और ईरान के बीच हुई अस्थायी डील पर खतरा मंडरा रहा है, जो पूरे मिडिल ईस्ट की जंग को रोकने के लिए की गई थी.
ये डील कहती है कि अमेरिका, ईरान और उनके साथी देश हर मोर्चे पर (लेबनान समेत) तुरंत सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे. इस हफ्ते की शुरुआत में हिंसा कम हुई थी, लेकिन अब फिर से तेज हो गई है. इजरायल का कहना है कि उसने हिज्बुल्लाह के लड़ाकों और ठिकानों पर हमले किए हैं, क्योंकि हिज्बुल्लाह बार-बार सीजफायर तोड़ रहा था. लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी NNA के मुताबिक, टायर और बिंत जबील के दक्षिणी इलाकों से बड़ी संख्या में लोग घर छोड़कर उत्तर की तरफ भाग रहे हैं.
रात की सबसे बड़ी लड़ाई लितानी नदी के उत्तर में 'अली अल-ताहेर' नाम की पहाड़ी पर हुई. ये ऊंची जगह हिज्बुल्लाह के लिए बहुत अहम है और इजरायल यहां आगे बढ़ना चाहता था. हिज्बुल्लाह ने बताया कि उसके लड़ाकों ने इजरायली फौज पर घात लगाकर हमला किया, गाइडेड मिसाइलों से 3 मरकवा टैंक तबाह कर दिए और रॉकेट व तोप से सैनिकों को निशाना बनाया. बाद में जब इजरायल की फौज अपने घायल साथियों को निकालने आई, तब भी हिजबुल्लाह ने उन पर हमला किया.
लेबनान इस पूरे झगड़े में तब फंसा था जब 2 मार्च को हिजबुल्लाह ने इजरायल पर हमला किया था. इसके बाद इजरायल ने हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की और दक्षिणी लेबनान में घुस गया. इजरायल ने अपनी फौज वापस बुलाने से इनकार कर दिया है. वो दक्षिणी लेबनान में अपनी एक 'सुरक्षा सीमा' बनाकर बैठा है. उसका कहना है कि ये उत्तरी इजरायल को हिज्बुल्लाह के हमलों से बचाने के लिए जरूरी है. इजरायल की फौज ने दक्षिण के उन गांवों को मिट्टी में मिला दिया है जहां उसके मुताबिक हिजबुल्लाह छिपा हुआ था.
बुधवार को इजरायल ने एक नक्शा जारी किया जिसमें दक्षिणी लेबनान में अपने कब्जे का इलाका और बढ़ा दिया है. इजरायल ने ये भी कहा कि वो इस सीमा से बाहर भी हमले कर सकता है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक इजरायली हमलों में 3,912 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 746 डॉक्टर/नर्स, औरतें और बच्चे शामिल हैं. इजरायल की तरफ से इस जंग में अब तक कम से कम 32 सैनिक और 4 आम नागरिक मारे गए हैं.
अमेरिका और ईरान की डील से इजरायल बहुत नाराज है. इजरायल का कहना है कि ये डील ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर पूरी रोक नहीं लगाती और लेबनान में इजरायल की सैन्य कार्रवाई पर पाबंदी लगाती है. इजरायल के दक्षिणपंथी मंत्री इतमार बेन-ग्विर और बेजालेल स्मोट्रिच ने 4 सैनिकों की मौत के बाद बदले की भाषा बोली. बेन-ग्विर ने एक्स पर लिखा कि 'हर इजरायली मां के एक आंसू के बदले हजार लेबनानी माओं को रोना चाहिए. पूरा लेबनान जलना चाहिए.' वहीं स्मोट्रिच ने लिखा कि अब 'नर्क के दरवाजे खोलने' का वक्त आ गया है.
एक बड़े इजरायली अधिकारी ने बताया कि इजरायल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से 'जिद्दी बातचीत' कर रहा है ताकि वो दक्षिणी लेबनान के अंदर 10 किलोमीटर (6 मील) तक अपनी फौज रख सके.
गुरुवार को अमेरिका ने ईरान पर लगाई गई नाकाबंदी हटा दी. इसके बाद महीनों से रुके तेल के टैंकर होर्मुज से आराम से निकलने लगे. ये रास्ता तेल के व्यापार के लिए बहुत जरूरी है. ईरानी सरकारी मीडिया का कहना है कि उनके दक्षिणी बंदरगाहों पर शिपिंग 'सामान्य' हो गई है, लेकिन ये होर्मुज अब भी ईरानी फौज की निगरानी में है और यहां से निकलने के लिए तालमेल जरूरी है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story