Top News

भीड़ ने कानून लिया हाथ में, पुलिसकर्मी पर हमला करके वारंटी को छुड़ाया

Jantaserishta Admin 4
27 Nov 2023 6:54 AM GMT
भीड़ ने कानून लिया हाथ में, पुलिसकर्मी पर हमला करके वारंटी को छुड़ाया
x

आगरा: यूपी के आगरा की लोहामंडी में भीड़ ने दरोगा पर हमला बोलकर वारंटी को छुड़ा लिया। इस घटना में सभी आरोपित पकड़े नहीं गए थे कि एक अन्य वारदात कागारौल क्षेत्र के गांव गहरा खुर्द में हुई। दरोगा पुनीत कोर्ट के आदेश पर दर्ज मुकदमे की जांच करने गया था। आरोपित पक्ष ने उसे घेर लिया। बंद करके खींचतान, अभद्रता और मारपीट की गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ। 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं।

घटना रविवार सुबह करीब सात बजे की है। एसीपी सैंया पियूष कांत ने बताया कि कागारौल थाने में तैनात एसआई पुनीत को एक मुकदमे की विवेचना मिली है। कोर्ट के आदेश पर आठ नवंबर को जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमा गांव गहरा खुर्द निवासी राजवती ने लिखाया है। मुकदमे में विजयपाल पक्ष को नामजद किया गया था। एसआई पुनीत मुकदमे में जांच करने गांव पहुंचा था। शाहगंज में तैनात शाहरुख नाम का सिपाही भी उसके साथ था। दरोगा सीधे आरोपित विजयपाल के घर पहुंचा। वहां पूछताछ शुरू करते ही महिलाएं और परिवार के सदस्य आ गए। भीड़ जुट गई। दरोगा को घेर लिया।

एक-दो महिलाएं डंडे ले आईं। गाली-गलौज शुरू कर दी। हंगामा होने लगा। दरोगा ने कार में बैठने का प्रयास किया। भीड़ उसे जबरन घर के अंदर ले गई। घर के अंदर भी धक्का-मुक्की, अभद्रता और मारपीट की गई। मौके का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने से पहले कागारौल पुलिस को घटना की जानकारी हो गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपित पक्ष गांव में नहीं मिला।

अधिकारियों के आदेश पर कागारौल थाने में दरोगा पुनीत ने मारपीट, अभद्रता, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सरकारी कार्य में बाधा की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर कागारौल जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि मुकदमे में बृजेंद्र, विजय पाल सिंह, लोकेंद्र, वीरेंद्र, सौरभ, रिशांक, बच्चू सहित 11 नामजद हैं। कई अज्ञात आरोपियों का भी जिक्र है।

पुलिस अभिरक्षा से वारंटी को छुड़ाने का मामला लखनऊ तक पहुंच गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस की दहशत से लोहामंडी के खातीपाड़ा इलाके में कई घर खाली हो गए हैं। वहीं दूसरी तरफ घटना का मुख्य आरोपित वारंटी शानू कुरैशी को पुलिस ने पकड़ लिया है। लोहामंडी पुलिस ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने पर शानू कुरैशी को पकड़ा था।

घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो लखनऊ से भी सवाल पूछे गए। यह जानने का प्रयास किया गया कि हमला बोलने वाले कौन हैं। पुलिस ने क्या कार्रवाई की। पुलिस पहले ही गंभीर धाराओं में मुकदमा लिख चुकी थी। गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। मामला लखनऊ तक पहुंचते ही पुलिस ने शनिवार की रात चार आरोपियों को पकड़ा। रविवार को गिरफ्तार आरोपित कुंदन, रिंकू कुरैशी, आमीन,चांद को जेल भेजा है।

Next Story